2 Brides Voted : नरसिंहपुर और सतना में 2 दुल्हनों ने विदाई से पहले वोट डाला!  

दोनों दुल्हनें दूल्हों के साथ सजी-धजी मतदान केंद्र पहुंची!

237

2 Brides Voted : नरसिंहपुर और सतना में 2 दुल्हनों ने विदाई से पहले वोट डाला!

Bhopal : मध्य प्रदेश में आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। शुरुआती रुझान मुताबिक मतदान का प्रतिशत अच्छा है। ऐसे में नरसिंहपुर और सतना में दो दुल्हनें शादी के बाद विदाई से पहले मतदान करने पहुंची और अपना वोट डाला।

नरसिंहपुर में वोटिंग के दौरान गजब का नजारा दिखाई दिया। यहां मतदान केंद्र नंबर 185 नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल में दुल्हन विदाई से पहले दूल्हे के साथ वोट देने पहुंची। नरसिंहपुर में इंदिरा नगर वार्ड की रहने वाली साक्षी साहू की 25 अप्रैल को शादी हुई है। विदाई से पहले वो यहां वोट देने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मेरी कल ही शादी हुई है। मेरी आज विदाई होने वाली है, लेकिन देश के विकास के लिए वोट देना जरूरी है।

सतना में भी मतदान के प्रति उत्साह की एक बेहतरीन तस्वीर सामने आई है। उचेहरा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिथौराबाद अंतर्गत अतरवेदिया गांव में रोशनी कुशवाहा पिता कैदी लाल कुशवाहा की रात में बारात आई थी। आज सुबह शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई होने वाली थी तब रोशनी ने परिजनों से कहा कि वो पहले वोट डालेगी, फिर ससुराल जायेगी।

परिवार वालों ने बेटी की भावनाओं का सम्मान किया और दुल्हन के वेश में ही अपने पति नीरज कुशवाहा के साथ पोलिंग बूथ क्रमांक 176 पर पहुंच वोटिंग किया। इसके बाद धूमधाम से कंचनपुर कोठी के लिए विदाई हुई। सभी लोगों ने रोशनी की सराहना की है।