5 Died of Suffocation : ईंट भट्ठे के धुएं से दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत!

ईंट पकाने के लिए मजदूरों ने भट्ठे में आग लगाई और वहीं सो गए थे!

574

5 Died of Suffocation : ईंट भट्ठे के धुएं से दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत!

Mahasamund (Chattisgarh) : महासमुंद में एक ईंट भट्ठे के धुएं से दम घुटने से मंगलवार रात 5 मजदूरों की मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। इस संबंध में पुलिस जांच पड़ताल की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त मजदूर ईंट भट्ठे पर सो रहे थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मजदूर जहां सो रहे थे, वहां ईंट भट्ठा में कच्चे ईंट को पकाने का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां से निकलने वाले धुएं की चपेट में आने से वहां सो रहे पांचों मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई।

एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे ने इस घटना की पुष्टि की है। घटना महासमुंद के गढ़फुलझर गांव की है। खबरों के अनुसार ईट-भट्ठे में ईंट पकाने के लिए आग लगाने के बाद सभी मजदूर वहीं सो गए थे। अचानक आग सुलगने और उसके धुएं से मजदूरों का दम घुटने लगा और सोते हुए मजदूरों की मौत हो गई।

पहले भी हुआ हादसा

ईट-भट्ठे पर सो रहे मजदूरों की दम घुटने से मौत की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत कोटपाली के आश्रित ग्राम खजूरी में दुखद हादसा हुआ था। यहां छोटे ईंट-भट्ठे में आग लगाकर उसी के ऊपर सो रहे तीन मजदूरों की मौत हो गई थी।