WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home न्यूज़ प्रादेशिक

6 Arrested in Stone Pelting : भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा पर हुए हमले और पथराव मामले में 6 गिरफ्तार

पुलिस ने 19 लोगो को नामजद आरोपी बनाया, किसी के नाम का खुलासा नहीं किया!

822
WhatsApp Image 2023 09 06 At 4.54.30 PM

6 Arrested in Stone Pelting : भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा पर हुए हमले और पथराव मामले में 6 गिरफ्तार

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

 

Mandsaur : मालवा क्षेत्र की भाजपा की जान आशीर्वाद यात्रा कल नीमच से शुरू हुई। इस यात्रा पर बीती रात हुए पथराव, विरोधी प्रदर्शन और नारेबाजी हुई। भाजपा इसे कांग्रेस और कार्यकर्ताओं की हरकतें बता रही है, तो कांग्रेस इसे पार्टी को बदनाम करने और अपनी हताशा को छिपाने का प्रयास कर रही है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि सभी हमलावर कांग्रेस से जुड़े हैं। जबकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस ने कहा कि यह हमला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से को दर्शाता है।

नीमच जिले की मनासा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार रात को भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था । करीब 100 से 150 लोग यात्रा के सामने आ गए थे। बताया गया है कि यात्रा के वाहनों के सामने मवेशियों को भी आगे कर दिया गया। भाजपा नेताओं ने काफी देर तक इन नाराज़ लोगों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान यात्रा पर अचानक पथराव शुरू हो गया। कोई एक दर्जन वाहनों के ग्लास पथराव से टूट गये । इसमें एम्बुलेंस भी शामिल है। मंत्री के वाहन का हूटर भी टूट गया। पुलिस वाहन और फ़ोर्स ने पहुंचकर हालात संभाले ।

मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर जमा कर रखे थे। नीमच एडिशनल एसपी नवलसिंह सिसोदिया ने बताया कि पुलिस ने 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। अब तक भेरूलाल सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है, पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के नाम का खुलासा नहीं किया। वीडियो के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।

रात 8 बजे की घटना
यह घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे जिला मुख्यालय से 75 किलोमीटर दूर रामपुरा क्षेत्र के रावली कुड़ी गांव में हुई। मंदसौर जिले में जनआशीर्वाद यात्रा के प्रवेश के पूर्व यह वाकया हुआ। पथराव और विरोध करते हुए नारेबाजी के दौरान यात्रा में यात्रा के प्रभारी एवं भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, जनआशीर्वाद संभाग प्रभारी बंशीलाल गुर्जर, सांसद सुधीर गुप्ता और मनासा विधायक माधव मारू भी यात्रा के साथ थे।

प्रस्तावित चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध
अचानक हुए इस घटनाक्रम से प्रशासन भी हड़बड़ी में देखा गया और मंत्रियों के सुरक्षा कर्मियों एवं पुलिस ने नजाकत को देखकर स्थिति को संभाला। यात्रा पर हमले, पथराव, विरोध प्रदर्शन नारेबाज़ी की वजह गांधीसागर अभयारण्य एवं समीपवर्ती परिक्षेत्र में प्रस्तावित चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध भी बताया जा रहा है। वन विभाग का अमला चीता प्रोजेक्ट के तहत जंगल के बड़े परिक्षेत्र में फेंसिंग कर रहा है। ग्रामीणों के मवेशियों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा। इस बात को लेकर ग्रामीण भड़के हुए हैं। मौके पर मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
रात के घटनाक्रम के बाद प्रशासन और पुलिस अतिरिक्त सावधानी बरत रही है। गत रात यह यात्रा मंदसौर जिले में प्रवेश कर गई। गरोठ, भानपुरा, शामगढ़, सुवासरा सीतामऊ होकर मंदसौर जिला मुख्यालय पहुंचेगी।

गृहमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के आरोप
बुधवार को रीवा में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश के गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा था कि मणिपुर की तरह मप्र में भी पथराव हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने नूंह (हरियाणा) हिंसा का उदाहरण देते हुए कहा था कि यह मध्य प्रदेश में दोहराया जा सकता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने पेड़ों के पीछे छिपकर यात्रा पर हमला किया और काफिले में शामिल वाहनों को योजनाबद्ध तरीके से तोड़ दिया। भाजपा नेता ने दावा किया है कि यात्रा के मुख्य वाहन (रथ) के साथ काफिले में शामिल अन्य वाहनों पर हमला किया गया।