भाजपा पर बरसे दीपक जोशी,बोले कैडर बेस्ड से हो गई करप्ट, क्रिमिनल की पार्टी

कांग्रेस कहेगी तो शिवराज के खिलाफ भी लड़ने को हूं तैयार

2639

भाजपा पर बरसे दीपक जोशी,बोले कैडर बेस्ड से हो गई करप्ट, क्रिमिनल की पार्टी

देखें वीडियो: क्या, क्या कहा दीपक जोशी ने

संभागीय ब्यूरो चीफ चंद्रकांत अग्रवाल की रपट                   

इटारसी। आज सायंकाल होने वाले स्व.विपिन जोशी स्मृति शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि बनकर आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने विश्राम गृह में मीडिया से बात करते हुए अपनी पूर्व पार्टी भाजपा पर जमकर बरसते हुए कहा है कि भाजपा अब “कैडर बेस्ड” पार्टी न होकर करप्ट, क्रिमिनल की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को जो दिशा जनसंघ ने देनी चाही थी, भाजपा उससे पूरी तरह भटक गई है। भाजपा में आज प्योर कार्यकर्ता तो रहे ही नहीं हैं। कार्यकर्ता के नाम पर वह लोग रह गए है, जो सत्ता का दोहन कर अपने परिवार और अपने आपको मजबूत बनाना चाहते हैं। ये लोग ही आज पार्टी की पहचान बन गए हैं।

 

दीपक जोशी ने कहा कि भाजपा शासन में माफियावाद हावी हो गया है। देवास और भोपाल में मेरे पिता कैलाश जोशी के नाम पर कुछ नहीं हुआ है। हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर मुद्दे को सौदेबाजी से जोड़ा, हाल ही में हुआ मंत्रिमंडल विस्तार भी किसी सौदे के कारण ही हुआ है। जिनको मंत्री बनाया गया है या तो उनको रुख़सत करने का इरादा है या वोट बैंक की राजनीति का। डेढ़ माह में कोई मंत्री कैसे अपने विभाग का संपादन जनहित में कर पाएगा? यह फैसला कारगर साबित नहीं होगा।

 

स्वयं के चुनाव लड़ने के सवाल पर दीपक जोशी बोले कि मैं कांग्रेस में किसी पद या प्रतिष्ठा की लालच में नहीं आया। पार्टी मुझे देवास जिले की किसी एक सीट से चुनाव लड़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि मेरी पार्टी कहेगी तो मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ भी चुनाव लडने को तैयार हूं। पार्टी मुझे टिकट देगी तो मैं चुनाव जरूर लडूंगा। मैं शिवराज सिंह को लंबे समय से जानता हूं। शिवराज और मैं एक ही कॉलेज से पढ़े हैं। वह मुझसे तीन साल आगे थे। मैं उन्हें छात्र राजनीति से जनता हूं। शिवराज सिंह का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना और जीतना रहता है, चाहे फिर लोकतंत्र का गला ही क्यों न घोंट दिया जाए। उनके दावपेंच से मैं भलीभांति परिचित हूं।