अनूपपुर में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 6 श्रद्धालुओं की मौत, 41 घायल, CM डॉ. यादव ने जताया शोक

CM ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के दिए निर्देश

64

अनूपपुर में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 6 श्रद्धालुओं की मौत, 41 घायल, CM डॉ. यादव ने जताया शोक

भोपाल: मध्य प्रदेश के अनूपपुर में ट्रैक्टर ट्राली पलटने से 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने इस दुखद हादसे यादव पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के निर्देश प्रशासन को दिए हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना में 41 श्रद्धालु घायल भी हुए हैं जिन्हें शहडोल के जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

*घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल किया गया रेफर*

सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को शहडोल मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल बताए गए हैं। अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में परिजन पहुंच गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनूपपुर जिले में पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से हुई सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन और कुछ लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजन के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में घायलों का उपचार जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगतों की आत्मा को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की बाबा महाकाल से प्रार्थना की है।