
पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान की कार्यशाला में जुटे 600 वक्ता
भोपाल : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मध्य प्रदेश में तीन प्रांतों की संरचना के अनुसार भोपाल में मध्य भारत प्रांत के जिलों के करीब 600 वक्ता भाजपा के पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान की कार्यशाला में जुटे। इसमें शामिल हुए 600 वक्ता मंडल स्तर पर दिए जाने वाले प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर के रूप में चयनित किए गए हैं। प्रशिक्षण में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी केसी पटेल मुख्य रूप से शामिल रहे।
वक्ताओं के प्रशिक्षण में पार्टी की पांच बुनियादी निष्ठाओं की जानकारी दी गई। मन की बात कार्यक्रम और सोशल मीडिया ग्रुप का प्रभारी संचालन कैसे करवाना है। वहीं पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी बूथ स्तर तक कैसे पहुंचाना है। इसके साथ ही पार्टी की मूल विचारधारा की जानकारी आम लोगों तक पहुंचे। पार्टी के इतिहास और विकास की जानकारी, कार्यकर्ताओं के कार्य विस्तार की स्थिति, राज्य एवं केंद्र सरकारों की योजनाओं की जानकारी और लाभार्थियों को जोड़ना, इसके साथ ही बूथ प्रबंधन के लिए टिफिन बैठक और आगामी कार्यक्रम स्थायी कार्यो की रूपरेखा तैयार करना। साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करना, योग आदि करना है। इसके साथ ही सोशल मीडिया का उपयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो ऐप और संगठन के अन्य ऐप की जानकारी इस प्रशिक्षण में दी जा रही है।
अब यहां पर होंगे प्रशिक्षण
7 मार्च को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर गीता भवन घंटाघर में आयोजित होगा। इसमें जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा, शहडोल संभाग में आने वाले 19 जिलों के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होगा। इसी तरह 10 मार्च को इंदौर के गुजराती इनोवेटिव कॉलेज में इंदौर और उज्जैन संभाग के 18 जिलों का प्रशिक्षण होगा।
मुंबई में मास्टर ट्रैनर्स का हो चुका है प्रशिक्षण
इससे पहले प्रदेश भाजपा के चुनिंदा नेताओं और पदाधिकारियों को बतौर मास्टर ट्रैनर्स प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यह प्रशिक्षण मुंबई में आयोजित हुआ था। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित कई सांसद, विधायक और पदाधिकारी एवं प्रवक्ता शामिल हुए थे। इस प्रशिक्षण में गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ के भाजपा के नेता भी शामिल थे।
अप्रैल और मई में जिलों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
बताया जाता है कि अप्रैल और मई में मास्टर ट्रैनर्स जिलों में जाएंगे और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेंगे। भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाना है। इसलिए यह पूरे क्रम से अभियान चलाया जा रहा है। जिलों के बाद मंडल और फिर बूथ स्तर पर पहुंचेगा। इस बीच में विधायक, सांसदों , महापौर, जिला पंचायत, जनपद पंचायत के सदस्यों से लेकर पार्षदों तक को प्रशिक्षण दिया जाएगा।





