Emergency Landing : बीमार यात्री के लिए इंदौर में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग!

यात्री को अस्पताल ले जाया गया, पर बचाया नहीं जा सका!

610

Emergency Landing : बीमार यात्री के लिए इंदौर में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग!

Indore : इंडिगो के मदुरै से दिल्ली जा रहे विमान की इंदौर के एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। विमान में सवार ग्रेटर नोएडा के यात्री अतुल गुप्ता की तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें  उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यात्री का शव इंदौर में ही रखा गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दिल्ली भेजा जाएगा।

देवी अहिल्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रबंधन के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान (संख्या 2088) दोपहर 2.55 बजे मदुरै से रवाना होकर शाम 6.10 बजे दिल्ली पहुंचती है। शनिवार को भी यह उड़ान अपने तय समय से मदुरै से रवाना हुई। शाम करीब 5 बजे यह उड़ान इंदौर हवाई क्षेत्र में थी, तभी पायलट ने ATC से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी के लिए विमान की लैंडिंग की अनुमति मांगी। पिता और पुत्र दोनों को उतारने के बाद विमान वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गया।

एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ तत्काल हरकत में आया और सभी तैयारी की गई। इसके बाद 5.25 बजे विमान ने इंदौर में लैंड किया। इसमें सवार यात्री अतुल गुप्ता (60 साल) की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें खून की उल्टियां हुई थी। वे अपने पुत्र शशांक के साथ यात्रा कर रहे थे। एयरपोर्ट पर डाक्टरों ने परीक्षण किया और उन्हें नजदीक के अस्पताल भेजा।

दक्षिण भारत घूमने गए थे यात्री
जब यात्री को अस्पताल लाया गया, तब उनकी मौत हो चुकी थी। शुक्रवार को भी उनकी तबीयत खराब हुई थी। उन्हें फूड पाइजनिंग की शिकायत के बाद वहां के डॉक्टर्स को दिखाया गया। पिता की दो बार एंजियोग्राफी हो चुकी थी। उन्हें शुगर और बीपी की परेशानी थी। मदुरै के डाक्टरों ने उन्हें दिल्ली ले जाने के लिए कहा। शशांक ने बताया कि हमारे वापसी के टिकट रविवार के थे, लेकिन पिता की तबीयत को देखते हुए हम लोग शनिवार को रवाना हुए। विमान में अचानक वे घबराहट की शिकायत करने लगे और इसके बाद उन्हें खून की उल्टी होने लगी।