Khargone News: कुंदा नदी में वर्षो बाद नौका विहार का सपना साकार

मकर संक्रांति पर मनाया गया नगर गौरव दिवस, खरगोन शहर सहित कुंदा नदी के तट को दुल्हन की तरह सजाया गया

718

Khargone News: कुंदा नदी में वर्षो बाद नौका विहार का सपना साकार

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: खरगोन की जीवनदायिनी कुंदा नदी में नौका विहार का सपना साकार हो गया है। प्रशासन द्वारा किए गए प्रयास फलीभूत हो गए हैं।

मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित गौरव दिवस पर नागरिकों ने नौका विहार का आनंद लिया।

खरगोन में बीती रात मकर संक्रांति के महापर्व को लेकर नवग्रह की नगरी खरगोन नगर का गौरव दिवस हर्षोल्लास और रंगबिरंगी आतिशबाजी के साथ धूमधाम से मनाया गया। नगर गौरव दिवस पर खरगोन शहर सहित कुंदा नदी के तट को दुल्हन की तरह सजाया गया। इस दौरान सीएम शिवराजसिंह चौहान की घोषणा अनुसार गौरव दिवस पर नवग्रह काॅरिडोर सहित कुंदा को प्रदूषण से मुक्त कराने और शहर को सुन्दर स्वच्छ और महानगर की तर्ज पर विकास को लेकर संकल्प लिया गया। खास बात यह रही की खरगोन की जीवन दायिनी कुंदा नदी में वर्षो बाद एक बार नौका विहार का सपना साकार हुआ।

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की पहल पर कुंदा नदी को प्रदूषण से मुक्त कराने की प्रशासन की पहल कुछ हद तक अब सार्थक नजर आ रही है। नगर पालिका खरगोन की सीएमओ प्रियंका पटेल की सराहनीय पहल के बाद करीब 40 वर्षो बाद कुंदा नदी में नौका विहार का सपना सच हुआ। यही नहीं खुद कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम,एसपी धर्मवीर सिंह सहित पूर्व कृषि राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने भी कुंदा नदी में नौका विहार का लुत्फ उठाया। करीब 40 वर्षो बाद खरगोन नगर के गौरव दिवस पर कुंदा नदी में नाव चलते देख लोगो में भी भारी उत्साह देखने को मिला इस दौरान नदी के तट पर देर रात तक शहरवासियों की भारी भीड़ जमा रही।

वही खरगोन नगर का गौरव दिवस का मुख्य आयोजन नवग्रह मेला मैदान पर आयोजित हुआ। जहां पूर्व कृषि मंत्री बालकृष्ण पाटीदार सहित कलेक्टर,एसपी और नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी ने दीप प्रज्वलन कर गौरव दिवस की शुरुआत की। इस दौरान नगर पालिका द्वारा पूर्व मंत्री बालकृष्ण पाटीदार विधायक परसराम डंडीर, बाबूलाल महाजन, सहित नगर के प्रबुधजनो और समाजसेवियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय कलाकार संजय महाजन और उनकी टीम द्वारा निमाड़ के प्रसिद्ध गणगौर पर्व के नृत्य की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित हजारों लोगो का मन मोह लिया।