Bageshwar Maharaj : नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने भी बागेश्वर महाराज से प्रमाण मांगा!

गोविंद सिंह ने कहा 'आपने तांत्रिक जैसी प्रथा को प्रचारित कर रखा है, उसे प्रमाणित करें!' 

782

Bhopal : नागपुर से कथा अधूरी छोड़कर आने के बाद बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विवादों में पड़ गए। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के बाद अब लोगों ने भी उनसे सवाल करना शुरू कर दिया। अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को चुनौती दी जाने लगी है। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और विधायक डॉ गोविंद सिंह ने भी सवाल खड़े किए। गोविंद सिंह ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से अपनी तांत्रिक क्रियाओं को प्रमाणित करने की बात कही।

नेता प्रतिपक्ष ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर बयान भी दिया है। उन्होंने कहा है कि वे पाखंड और ढोंग में नहीं पड़ते! इस देश में 80 से 90 प्रतिशत लोग सनातन धर्म को मानने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के ऊपर महाराष्ट्र में आरोप लगे तो वे अपना बिस्तर बांधकर रात में क्यों भागे! मैं उनसे चाहूंगा कि अगर आपमें सच्चाई है, तो आपको प्रामाणिकता के आधार पर भागने का जवाब दें। आपने तांत्रिक जैसी प्रथा को प्रचारित कर रखा है, उसे प्रमाणित करें।

नागपुर में अंधश्रद्धा उन्मूलन समित ने बुधवार को बागेश्वर महाराज के खिलाफ पोल खोल सभा का आयोजन किया था। इस दौरान बागेश्वर महाराज के समर्थकों ने भारी हंगामा किया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वे सनातन धर्म के खिलाफ आवाज उठाने वालों की ठठरी वारने (जलाने) की बात कहते हुए नजर आए।

नागपुर में अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति के श्याम मानव का भाषण समाप्त होने के बाद बागेश्वर धाम महाराज के कुछ समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान काफी हंगामा भी खड़ा हुआ। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने लोगों को तितर-बितर भी किया।

नागपुर में बाघेश्वर धाम महाराज की कथा का आयोजन हुआ था। लेकिन, अंधश्रद्धा उन्मूलन समित की वजह से यह कथा दो दिन पहले यानी 11 जनवरी को ख़त्म कर दी गई। जबकि ये 13 जनवरी तक थी। अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति के श्याम मानव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जादू-टोने और अंधश्रद्धा फ़ैलाने का आरोप लगाया था।

श्याम मानव ने कहा था कि ‘दिव्य दरबार’ और ‘प्रेत दरबार’ की आड़ में जादू-टोना को बढ़ावा दिया जा रहा है। देव-धर्म के नाम पर आम लोगों को लूटने, धोखाधड़ी और शोषण भी किया जा रहा है। समिति ने पुलिस से महाराज पर कार्रवाई करने की मांग भी की थी।