Case Against Dhirendra Shastri : खुद को भगवान बताने पर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर बिहार में मुकदमा!

MP में कलचुरी, कलाल और कई अलग-अलग समाज के प्रतिनिधियों ने मोर्चा खोला!

1183

Case Against Dhirendra Shastri : खुद को भगवान बताने पर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री पर बिहार में मुकदमा!

Patna : बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ खुद को भगवान बताने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री खुद की तुलना भगवान से करते हैं। इससे हिन्दू धर्म को मानने वाले और सनातनी आहत हैं।

सूरज कुमार जो पेशे से वकील हैं, ने मामला दर्ज कराया है। वकील सूरज कुमार ने आरोप लगाया है कि राजस्थान में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुद को हनुमान जी का अवतार बताया था और अपनी तुलना इश्वर से की। सूरज कुमार ने आरोप लगाया कि वे हिन्दू धर्म का पालन करने वालों को धोखा दे रहे और उन्हें गुमराह कर रहे हैं।

मुजफ्फरपुर के ECJM कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि वे अपने उद्देश्य को पूरा करने के लिए खुद की तुलना भगवान से करके भगवान को नीचा दिखा रहे हैं। लोगों को कथित चमत्कार के नाम पर ठग रहे हैं और उन्हें अपने पैरों में झुका रहे हैं। बाबा बागेश्वर के इस कृत्य से सनातन धर्म की परंपरा को ठेस पहुंची है। धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ घारा, 295 क. 505 और 298 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। इस मामले में कोर्ट 10 मई 2023 को सुनवाई करेगी।

बिहार में दरबार से पहले विरोध
पटना में 13 मई से 17 मई तक बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री दरबार लगाएंगे। बाबा बागेश्वर के बिहार आने से पहले से ही जमकर बयानबाजी हो रही है। उन्हें गांधी मैदान में जगह नहीं दिए जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार टोपी पहने, नमाज पढ़े, इफ्तार पार्टी में जाए मुझे इससे कोई आपत्ति नहीं। लेकिन, वह सनातन धर्मावलंबियों को रोकेंगे तो हमारे देश का सनातन भी जाग जाएगा।

जाप प्रमुख और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने बाबा बागेश्वर पर तंज किया है। पप्पू यादव ने कहा कि बाबा बागेश्वर अगर चमत्कार करना जानते हैं तो वह गरीबों को अमीर बना दें। इसके साथ ही पप्पू यादव ने कहा कि बागेश्वर बाबा सीमा से भी आर्मी अपने चमत्कार से हटा दें। वहीं बीजेपी नेता सुशील मोदी बागेश्वर बाबा के खिलाफ दिए जा रहे बयान को हिन्दू संतों का अपमान कहा। सुशील कुमार मोदी ने कहा कि विपक्ष की आदत हो गई है, हिन्दू देवी देवता और संतों पर सवाल उठाने की।

इस समाज ने भी मोर्चा खोला
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ उज्जैन में कलचुरी, कलाल और कई अलग-अलग समाज के प्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया। पुलिस अधीक्षक से एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। यह विवाद भगवान सहस्त्रबाहु के खिलाफ टिप्पणी को लेकर गहराया है। समाज के लोगों ने आगे भी प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी भी दी। कलचुरी, कलाल और पोरवाल समाज के लिए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान सहस्त्रबाहु के खिलाफ की गई टिप्पणियों से नाराज है। वे उनके खिलाफ पूरे मध्य प्रदेश भर में प्रदर्शन कर रहे हैं।