Honey Trap : पाक को सूचना भेजने वाला DRDO का वैज्ञानिक गिरफ्तार और बर्खास्त!

महिला जासूस के संपर्क में आने के बाद व्हाट्सअप पर VDO चैट की, सूचनाएं लीक की!

1354

Honey Trap : पाक को सूचना भेजने वाला DRDO का वैज्ञानिक गिरफ्तार और बर्खास्त!

Pune : पाकिस्तान की एक महिला जासूस को खुफिया सूचनाएं लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन (DRDO) के पुणे के निदेशक प्रदीप कुरुलकर को बर्खास्त कर दिया गया। वे 9 मई तक ATS की हिरासत में हैं। पाक जासूसों को गोपनीय सूचनाएं लीक करने के मामले में जांच के बाद पुष्टि होने के बाद प्रदीप कुरुलकर को बर्खास्त किया गया।

अदालत ने इस वैज्ञानिक को 9 मई तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया। डीआरडीओ के एक अधिकारी ने बताया कि हमारी जांच में यह साबित होने के बाद कि प्रयोगशाला निदेशक संवेदनशील सूचनाएं लीक कर रहे थे, उन्हें पद से हटाया गया था। उनके खिलाफ अन्य एजेंसियों से सूचनाएं मिलने के बाद डीआरडीओ ने जांच शुरू की थी। उन्हें अन्य ऑफिस से संबद्ध किया गया था।

पाक महिला के संपर्क में
प्रदीप कुरुलकर 2022 से ही पाकिस्तानी महिला खुफिया एजेंट के संपर्क में था। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने कुरुलकर को सरकारी गोपनीयता कानून के तहत पुणे से गिरफ्तार किया था। यह हनीट्रैप में फंसाकर गोपनीय जानकारी जुटाने का मामला है। पाकिस्तान की महिला खुफिया एजेंट ने व्हॉट्सएप के जरिये आरोपी से संपर्क किया था और तभी से वे व्हाट्सएप मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए लगातार संपर्क में थे। एटीएस अधिकारी के अनुसार पूछताछ के दौरान कुरुलकर ने माना कि उसने महिला के साथ वीडियो चैट की थी।

एटीएस के मुताबिक, जिम्मेदार पद पर होने के बावजूद डीआरडीओ के अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया और संवेदनशील जानकारियों को लीक कर देश की सुरक्षा से समझौता किया। आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुंबई में एटीएस की कलाचौकी इकाई में मामला दर्ज किया गया है।