मोदी सरकार के पूर्व कभी नहीं हुई राष्ट्रवाद की बात, मैकाले की शिक्षा पद्धति ने बढ़ाई बेरोजगारी,अब बदल रही हमारी सरकार बोले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष

3254

मोदी सरकार के पूर्व कभी नहीं हुई राष्ट्रवाद की बात, मैकाले की शिक्षा पद्धति ने बढ़ाई बेरोजगारी,अब बदल रही हमारी सरकार बोले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष

इटारसी से संजय शिल्पी की खबर

इटारसी। वर्ष 2014 से पहले जो भी सरकारें रहीं उन्होंने कभी भी राष्ट्रवाद का घोषित,सार्थक प्रचार नहीं किया।70 साल की आजादी में किसी पार्टी ने राष्ट्रवाद की और देश की बात नहीं की। यह पहले मौका है जब ऐसी सरकार आई है जो राष्ट्रवाद का घोषित प्रचार करती है। इसीलिए अमरीकी अखबार और लंदन के अखबारों ने देश की मौजूदा सरकार के बारे में लिखा है। यह परिवर्तन की बेला है। इस दौरान देश में बहुत परिवर्तन आया है। उक्त विचार,पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे करने के उपलक्ष्य में,इसी विषय पर केंद्रित एक पत्रकार वार्ता में व्यक्त किए। उन्होंने जहा कि कोविड काल में वैक्सीन का निर्माण भारत में ही कर करीब 100 करोड़ लोगों को उसके डोज दिए गए। यह अपने आप में विश्व में एक अनूठा उदाहरण है। कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों ने वैक्सीन का भी विरोध किया और लोगों को डराया। कभी इस बारे में विचार ही नहीं हुआ कि देश में वंचित वर्ग को 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज दे सकते हैं।

WhatsApp Image 2023 06 23 at 8.12.56 PM

इस पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने ही विचार किया और आयुष्मान योजना आई। एम्स की स्थापना और अधिकाधिक संख्या में खोलने के बारे भी देश के प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार ने सोचा। भाजपा हमेशा से लार्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति हटाने की मांग करती रही है। यह पद्धति बेरोजगारी का बड़ा कारण रही। अब नई शिक्षा नीति केंद्र सरकार ने लागू की है। इससे विद्यार्थियों के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे। केंद्र सरकार ने पीएमश्री स्कूल की योजना बनाई है और उसका क्रियान्वनयन भी कर रही है। राज्यों में सीएम राइज स्कूल भी खुल रहे हैं। विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने बीते 9 वर्षों में नर्मदापुरम विधानसभा क्षेत्र के इटारसी और नर्मदापुरम में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम में नए जिला चिकित्सालय के लिए 25.42 करोड़ रुपए की स्वीकृत हो गई है। इसके लिए 14.5 एकड़ जमीन स्वीकृत भी हुई है। लॉ कॉलेज के लिए 849.25 लाख रुपए और 1.619 हेक्टेयर भूमि का आवंटन हुआ है। नर्मदापुरम में 5.35 करोड़ की राशि से एक ऑडिटोरियम के लिए प्रशासकीय स्वीकृति भी हो गई है।

दशहरा मैदान के लिए 1.85 करोड़, बस स्टेंड के लिए 2 करोड़ रुपए, नर्मदा ब्रिज के लिए 5817 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें से अधिकांश कामों के टेंडर लग गए हैं। इटारसी और नर्मदापुरम को मिलाकर इटारसी को निगम बनाने के सवाल पर डॉ शर्मा ने कहा कि इसके लिए अभी एक कार्यकाल और लगेगा। विधायक डॉ शर्मा ने कहा कि इटारसी में भी भाजपा ने विकास के जय कामों को अंजाम दिया है। करीब 6 करोड़ से अस्पताल में नई बिल्डिंग बनाई है और जल्द ही बच्चों के लिए एक नई यूनिट भी बनकर तैयार होगी। पुरानी इटारसी में करीब साढ़े तीन करोड़ से नया बस स्टेंड तैयार किया गया है। पुरानी इटारसी में दशहरा मैदान विकास के लिए भी राशि उपलब्ध कराई गई है। शहर में 30 -30 लाख की लागत से संजीवनी क्लिनिक बनाए जाएंगे।

ऑडिटोरियम में जल्द ही लिफ्ट चालू की जाएगी। अंडरब्रिज बनकर तैयार हो गए हैं। शहर में कायाकल्प के माध्यम से सड़कों की सूरत बदली जा रही है। पत्रकार वार्ता में बस स्टेंड का विषय आने पर विधायक डॉ. शर्मा ने पूर्व पार्षद यज्ञदत्त गौर का नाम लिए बिना ही उनको भी लपेटा। डॉ. शर्मा ने कहा कि हमारी पार्टी के ही एक वरिष्ठ नेता हैं जिन्होंने बस स्टेंड के लिए सोशल मीडिया पर नकारात्मक टिप्पणी की है। उनका काम ही है कुछ भी लिखना। इससे पहले भी उन्होंने लिखा था कि तवा नदी का पानी जलावर्धन योजना में नहीं आएगा। मगर तवा नदी से धोखेड़ा तक पूर्व अध्यक्ष सुधा अग्रवाल के कार्यकाल में पानी आ गया था और वहां से शहर तक नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने पानी पहुंचाने का काम किया है। ऐसे नेता किसी टोटके से कम नहीं होते जो हमें सचेत करने का काम करते हैं।

वहीं
पत्रकार वार्ता के दौरान ही डॉ शर्मा से जब यह सवाल किया गया कि विस चुनाव में भाजपा से और भी दावेदार हैं और अगर पार्टी आपको टिकट देती है तो क्या सब मिलकर काम करेंगे तो डॉ.शर्मा ने कहा कि सभी उम्मीदवारों का स्वागत है और सब मिलकर पार्टी का काम करेंगे, यह कहकर उन्होंने राजनीतिक गलियारों में विधानसभा प्रत्याशी के लिए एक प्रबल दावेदार माने जाने वाले भाजपा नेता संदेश पुरोहित से ही पूछ लिया कि क्यों संदेश जी सब करेंगे ना, इस पर पूरा सदन हंस पड़ा। खुद भाजपा नेता संदेश पुरोहित मुस्कुराकर हाथ जोड़ते हुए विधायक डॉ शर्मा को सहमति देते नजर आए। ज्ञात रहे कि किसी समय एक दूसरे के विरोधी माने जाने वाले ये दोनों नेता विगत काफी समय से अपने मतभेद भुलाकर,परस्पर सहमति से संगठन हित में एक साथ सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। बताया जाता है कि अपनी दावेदारी के विषय में श्री पुरोहित, डा. शर्मा को स्वयं बता भी चुके हैं पर साथ ही पार्टी द्वारा डा. शर्मा को टिकिट देने की स्थिति में पूरी ऊर्जा के साथ उनका सहयोग करने का विश्वास भी उनको दिला चुके हैं। जिसके बाद दोनों के मध्य एक अच्छी अंडरस्टैंडिंग देखने को मिल भी रही है। ज्ञात रहे कि श्री पुरोहित विगत कई सालों से पूर्ण कालिक रूप से पार्टी संगठन के प्रति समर्पित होकर पूरे जिले में सक्रिय हैं।

पत्रकार वार्ता में नपाध्यक्ष पंकज चौरे, नर्मदापुरम नपा में वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वनाथ सिंघल, पीयूष शर्मा संदेश पुरोहित,नर्मदापुरम नपा में विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, नपा उपाध्यक्ष निर्मल राजपूत, जिला महामंत्री मुकेशचंद्र मैना, नगर भाजपा अध्यक्ष गण जोगिंदर सिंह,मयंक महतो,भरत वर्मा, कल्पेश अग्रवाल, पूर्व नपा उपाध्यक्ष अरुण चौधरी जयकिशोर चौधरी सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।