खराब मौसम ने रोकी बाबा अमरनाथ यात्रा, भोपाल के 150 श्रद्धालु फंसे

728

खराब मौसम ने रोकी बाबा अमरनाथ यात्रा, भोपाल के 150 श्रद्धालु फंसे

भोपाल। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते पहलगाम और बालटाल दोनों रूट पर अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। तीर्थ यात्रियों को बालटाल और नुनवांन बेस कैंप पर रोक दिया गया है। इस दौरान भोपाल से 3 जुलाई को 256 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना हुआ था। जिसमें से करीबन 150 श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम में फंस चुके हैं।

हांलाकि इस बीच दूसरा जत्था बाबा के साथ वैष्णोदेवी के दर्शन कर वापस लौटने की तैयारी में है। ऊं शिव शक्ति सेवा मंडल के सचिव रिंकू भटेजा ने बताया कि राजधानी भोपाल से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए तीन जत्थे रवाना हो चुके हैं। इसमें पहला जत्था वापस लौट आया है। तीसरे जत्थे में शामिल करीबन डेढ़ सौ श्रद्धालु शामिल थे, जो पिछले दो दिनों से बालटाल और पहलगाम में फंसे हैं। मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है, सभी यात्रियों को वापस होटल भेजा जा रहा है। मौसम ठीक होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी। अब तक 80 हजार से ज्यादा लोग अमरनाथ दर्शन कर चुके हैं।