

Knife Attack on Policeman : चाकू से पुलिस जवान पर हमला, दो बदमाशों का जुलूस निकाला!
Indore : शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस पर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे। यह घटना गुरुवार शाम परदेशीपुरा थाने के खुफिया विभाग के सिपाही रोशन यादव और भोला यादव ब्राउन शुगर बेचने की सूचना पर आरोपियों को पकड़ने कुलकर्णी भट्टे पहुंचे। एक आरोपी को पकड़ने के दौरान रोशन यादव का ध्यान चूका तो बदमाश ने चाकू से उसके गाल पर हमला कर दिया। पुलिस ने तीन में दो आरोपियों को रात में पकड़ लिया और आज उनका जुलूस निकाला।
घटना के अनुसार जब पुलिस जवानों ने इन तीन बदमाशों को नशे में बाइक पर जाते देखा तो तत्काल राउंड अप कर पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान दो जवान इन तीन आरोपियों पर टूट पड़े। उन्होंने दो बदमाशों को तो पकड़ लिया, वहीं एक फरार हो रहा था तो उसके पीछे पुलिस आरक्षक रोशन यादव दौड़ पड़ा। इसी बीच बदमाश रोशन यादव के चेहरे पर चाकू मारकर फरार हो गया।
परदेशीपुरा थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी को जैसे ही इस पूरे मामले की सूचना मिली, वे मौके पर पहुंचे और घायल आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया। क्राइम ब्रांच सहित अन्य पुलिस दल भी इस मामले में सक्रिय हो गए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रात में ही दो आरोपियों को राउंड अप किया गया। इनमें एक 21 साल का रितिक और दूसरा 19 साल का हर्ष बताया जा रहा है। एक अन्य आरोपी अमन जो नाबालिग बताया जा रहा है, पुलिस उसकी तलाश में है।
पुलिस ने आज पकड़े गए दोनों आरोपी रितिक और हर्ष का लोगों के बीच खौफ खत्म करने के लिए उसी जगह जुलूस निकाला, जहां उन्होंने पुलिसकर्मी को चाकू मारे थे। पुलिस ने कुलकर्णी भट्टा से चाकू बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों पर सीहोर सहित इंदौर के कई थानो में मामले दर्ज हैं। रितिक के बारे में जानकारी लगी कि वह नाबालिग होने के दौरान ही अपराध करने लगा। उस पर गंभीर अपराध भी दर्ज हैं। हर्ष और अमन पर भी मारपीट सहित गंभीर मामले दर्ज हैं। कुछ समय पहले दोनों जेल से छूटे हैं। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।