Opposition of BJP Candidate : भाजपा उम्मीदवार के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर!

नारे लगाते हुए तख्तियां लेकर रैली निकाली, पेटलावद में भी विरोध की तैयारी!

1327

Opposition of BJP Candidate : भाजपा उम्मीदवार के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर!

Jhabua : भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा उम्मीदवार बनाए गए जिला अध्यक्ष भानू भूरिया के खिलाफ सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्हें भाजपा ने झाबुआ विधानसभा से उम्मीदवार घोषित किया है। लेकिन, पार्टी कार्यकर्ता उसके खिलाफ हैं। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बरसते पानी में वाहन रैली निकालकर उम्मीदवार का विरोध किया। बताया गया कि पेटलावद में भी निर्मला भूरिया की उम्मीदवारी के खिलाफ आक्रोश है।

कृषि उपज मंडी प्रांगण में आज भाजपा के कार्यकर्ता दो पहिया वाहनों से एकत्रित हुए। कुछ कार्यकर्ताओं के हाथ में भाजपा के झंडों के साथ ही काले झंडे भी थे। कई कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां ले रखी थी, जिस पर लिखा था ‘भानू भूरिया हटाओ, झाबुआ सीट बचाओ।’ कार्यकर्ताओं ने भाजपा के समर्थन और विधानसभा उम्मीदवार भूरिया के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए नगर में वाहन रैली निकाली।

WhatsApp Image 2023 08 21 at 16.07.34

कृषि उपज मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई रैली राजगढ़ नाका, विजय स्तंभ चौराहा, आजाद चौक, रजवाड़ा चौक, काॅलेज मार्ग होते हुए राजगढ़ नाका पर ख़त्म हुई। रैली का नेतृत्व कर रहे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रमेश भाबोर ने कहा कि हम भाजपा के विरोध में नहीं है, उम्मीदवार के विरोध में है। हम परिवारवाद का विरोध कर रहे हैं। भानू भूरिया स्वयं भाजपा के जिला अध्यक्ष है। इनकी पत्नी रानापुर जनपद पंचायत की अध्यक्ष है, आईटीडीपी की अध्यक्ष है।

भाबोर ने कहा कि भाजपा ने झाबुआ विधानसभा का उम्मीदवार भी भानू भूरिया को बना दिया। एक ही परिवार में इतने दायित्व दिए जाएंगे तो बाकी के कार्यकर्ता कहां जाएंगे। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस विरोध रैली के जरिए हम भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा रहे हैं कि उम्मीदवार प्रत्याशी बदला जाए। यदि बदला जाता तो इसकी जवाबदारी भाजपा की होगी। कोई भी कार्यकर्ता भानू भूरिया के लिए चुनाव में काम नहीं करेगा।

रैली में झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरी, कल्याणपुरा, झाबुआ, पिटोल, कुंदनपुर और रानापुर क्षेत्र के कई कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच, बूथ स्तर के कार्यकर्ता सहित मंडल के कार्यकर्ता शामिल हुए। संभवतः यह पहली बार हुआ कि भाजपा के घोषित उम्मीदवार के खिलाफ कार्यकर्ताओं का आक्रोश सामने आया है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार भानू भूरिया की जीत की राह मुश्किल हो गई। इससे पहले भाजपा के एक नेता धनसिंह बारिया ने भी खुली चेतावनी दी थी कि यदि पार्टी ने भानु भूरिया को टिकट दिया तो वे उसका विरोध करेंगे।

पेटलावद में भी विरोध की सुगबुगाहट

झाबुआ के बाद पेटलावद में भी निर्मला भूरिया को टिकट दिए जाने का विरोध हो रहा है। बताते हैं कि झाबुआ के बाद अब पेटलावद में ऐसी ही रैली निकालने की तैयारी है। वहां के भाजपा कार्यकर्ताओं का भी कहना है कि पार्टी में सिर्फ परिवारवाद है। एक ही परिवार के लोगों को पदों से नवाजा जाता है, जिससे पार्टी में आक्रोश है।