Priyanka Gandhi’s Rallies : प्रियंका गांधी की 5 अक्टूबर को मोहनखेड़ा के साथ इंदौर में भी सभा!

510

Priyanka Gandhi’s Rallies : प्रियंका गांधी की 5 अक्टूबर को मोहनखेड़ा के साथ इंदौर में भी सभा!

Indore : मध्य प्रदेश में चुनाव की तैयारियों को अब कार्यरूप में बदला जा रहा है। भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा शुरू कर दी, तो कांग्रेस भी 5 अक्टूबर से चुनावी रैलियां शुरू कर रही है। प्रियंका गांधी 5 अक्टूबर को धार के मोहनखेड़ा से चुनावी रैली करेंगी। इसी दिन वे इंदौर में भी एक जनसभा को संबोधित करेंगी। योजना है कि मालवा-निमाड़ में 10 से ज्यादा सभाएं प्रियंका की होंगी।
बताया गया कि प्रियंका गाँधी की रैलियां इस तरह प्लान की जा रही है कि प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में उनकी सभाएं हो सकें। वे अभी तक 2 सभाएं कर चुकी हैं, पर ये चुनाव के नजरिए से की जा रही है। इससे पहले जबलपुर में 12 जून को नर्मदा पूजन के बाद रैली को उन्होंने संबोधित किया था। 21 जुलाई को प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में जन आक्रोश रैली की थी। तैयारी के अनुसार प्रदेश हर दूसरे दिन प्रियंका की मौजूदगी रहेगी और वे रोज 2 से 3 रैलियां करेंगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यनारायण पटेल के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने चुनाव के दौरान हर दूसरा दिन मध्य प्रदेश को देने को कहा है। उसी के मुताबिक उनकी रैलियां कराने की तैयारी है। उनके दौरों को इस तरह संयोजित किया जा रहा है कि वे प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएं। चुनाव की घोषणा तक प्रियंका गांधी दिल्ली से ही मध्यप्रदेश की राजनीति पर ध्यान देंगी। इसके बाद उनके दौरे शुरू होंगे।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस मोहनखेड़ा (धार) से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी। मालवा-निमाड़ में अभियान की शुरुआत धार जिले के इस धार्मिक स्थल से होगी, जो जैन समाज के लिए महत्वपूर्ण है। 5 अक्टूबर को धार के मोहनखेड़ा में प्रियंका जनसभा के जरिए चुनाव अभियान का उद्घोष करेगी। मालवा-निमाड़ में कांग्रेस का यह पहला बड़ा आयोजन होगा। इसी दिन वे इंदौर में भी एक सभा को संबोधित करने के साथ रोड शो भी करेंगी। पिछले चुनाव में भी कांग्रेस ने मालवा-निमाड़ से ही चुनाव अभियान उज्जैन से किया था, तब राहुल गांधी ने चुनावी सभा की थी।
प्रियंका गांधी चुनाव के एलान के बाद दौरे तेज कर और मालवा-निमाड़ में 10 से ज्यादा सभाएं करेंगी। कुछ सभाओं में प्रियंका और राहुल गांधी साथ रहेंगे। कांग्रेस की रणनीति के अनुसार प्लानिंग तैयार कर ली गई है। पार्टी के दिल्ली सूत्रों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चुनाव की औपचारिक घोषणा के साथ ही प्रियंका गांधी के मध्यप्रदेश दौरे शुरू किए जाने की योजना है।