किसानों के समर्थन में आज कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, मुरैना से खलघाट तक चक्काजाम, PHQ ने सभी SP से कहा- रहे सतर्क

240

किसानों के समर्थन में आज कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, मुरैना से खलघाट तक चक्काजाम, PHQ ने सभी SP से कहा- रहे सतर्क

भोपाल:मध्यप्रदेश में किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस आज प्रदेश के एक बड़े हिस्से की रफ्तार रोकने की तैयारी में है। राष्ट्रीय राजमार्ग एबी रोड पर मुरैना से लेकर खलघाट तक 11 स्थानों पर सुबह 11 बजे से कांग्रेस द्वारा चक्का जाम किया जाएगा।

इस आंदोलन के केंद्र मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर, इंदौर और खलघाट को बनाया गया है, जहां प्रदेश के अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। इधर पुलिस ने भी इन प्रदर्शनकारियों से निपटने को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को इस आंदोलन को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

आंदोलन की रणनीति के तहत शाजापुर में सबसे बड़ा जमावड़ा देखने को मिलेगा, जहां भोपाल, उज्जैन, सीहोर और देवास सहित 8 जिलों के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। वहीं खलघाट में निमाड़ और धार-झाबुआ सहित 7 जिलों के कांग्रेसी मोर्चा संभालेंगे। मुरैना, ग्वालियर और शिवपुरी में भी चंबल संभाग के जिलों को जिम्मेदारी दी गई है।

 *चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस* 

इधर, हाईवे पर चक्काजाम की घोषणा के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। हाईवे पर यातायात बाधित न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसे लेकर प्रभावित जिलों की पुलिस सुबह से ही सक्रिय रहेगी। पुलिस मुख्यालय ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित पुलिस अधीक्षकों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। जाम के संभावित स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि आम जनता को असुविधा न हो और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रदर्शनकारियों से वे संवाद बनाए रखें।