Indore Best Smart City, MP Best State : राष्ट्रपति ने इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी और मध्यप्रदेश को बेस्ट स्टेट का अवार्ड दिया!

मुख्यमंत्री ने कहा 'जो इंदौर आया वो यहीं का हो गया, जैसे दूध में शकर! 

444

Indore Best Smart City, MP Best State : राष्ट्रपति ने इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी और मध्यप्रदेश को बेस्ट स्टेट का अवार्ड दिया!

Indore : शहर में हुए एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड 2022’ प्रदान किए। राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की मौजूदगी में ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मध्य प्रदेश को बेस्ट स्टेट और इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवार्ड दिया। इससे पहले राष्ट्रपति के इंदौर आगमन पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया।

बेस्ट स्टेट का मध्य प्रदेश का अवार्ड शहरी विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने, इंदौर का अवार्ड महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगम आयुक्त हर्षिका सिंह और स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह ने ग्रहण किया। इंदौर को देश की नंबर वन स्मार्ट सिटी के साथ अर्बन एनवायरनमेंट, वाटर, सेनिटेशन सहित अन्य श्रेणियों में पहला स्थान व तीन अन्य श्रेणियों में दूसरा स्थान के लिए अवार्ड मिले। इंदौर को सात श्रेणियों में अवार्ड मिले।

‘इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड’ समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु ने संबोधन की शुरुआत में अच्छे काम के लिए इंदौर की तारीफ की। उन्होंने मध्य प्रदेश के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं। कहा कि इंदौर भारत के सबसे स्वच्छ शहर में अपना पहला स्थान भी बनाए हुए है। अब तो इंदौर स्मार्ट सिटी में भी नंबर वन है। उन्होंने यहां के अधिकारियों और सभी जन प्रतिनिधियों की कर्तव्यनिष्ठा को सराहा। मध्य प्रदेश को नंबर वन स्टेट का दर्जा मिलने पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को बधाई भी दी।

IMG 20230927 WA0042

इंदौर की तारीफ में कविता 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘भारत की परंपरा रही है कि अतिथि देवो भव:। आप सब हमारे मेहमान हैं। इंदौर हमारे सपनों का शहर है। कविता के अंदाज में तारीफ करते हुए उन्होंने कहा :

मां अहिल्या का शहर है इंदौर। हमारे सपनों को दौर है इंदौर।

सफाई में नंबर वन स्मार्ट सिटी का सिरमौर है इंदौर।

इसके पकवानों की खुशबू हमें खींच लाए। इसके पोहे जलेबी जी ललचाए।

इसकी गलियों-गलियों का स्वाद बेजोड़ है, ये इंदौर है।

मालवा का चंदन है। हमारा अभिनंदन है।

इसके जैसा न कोई है, ये इंदौर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में न कोई पूरब का न कोई पश्चिम का न उत्तर का न दक्षिण रहता है। जो इंदौर आता है वो इंदौर का ही हो जाता है। जैसे दूध में शकर घुल जाता है। चाहे आप 56 दुकान चले जाएं चाहे सराफा चले जाएं। चाहे राजवाड़ा चले जाएं, इंदौर सबको अपनाता है।

IMG 20230927 WA0040

पांचवें संस्करण का उद्घाटन 

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति को प्रदेश की कलाकृति भेंट की। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर इंडिया स्मार्ट सिटी के पांचवें संस्करण का इनोग्रेशन किया गया। तीन किताबों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी का संबोधन हुआ। जैसे ही मंच से मध्य प्रदेश को अवार्ड मिलने की जानकारी दी गई तो सभा गृह में ‘आंधी नहीं तूफान है शिवराज सिंह चौहान है’ गूंज उठी।

IMG 20230927 WA0041

रैंकिंग में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर 

राज्यों की रैंकिंग में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर आया है। इसके अलावा देश के अन्य शहरों के विभिन्न नवाचारों के प्रोजेक्ट्स को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें कोयंबटूर, न्यू टाउन कोलकाता, कानपुर, अहमदाबाद, भोपाल, जबलपुर, लखनऊ, चंडीगढ़, पिंपरी-चिंचवड़, उदयपुर, सूरत, आगरा, ग्वालियर, सागर, वडोदरा, शिवमोगा, राजकोट, हुबली धरवाड़, सूरत, भुवनेश्वर, कोहिमा, नामची, रांची, सोलापुर और वाराणसी शामिल हैं। देश के अन्य प्रदेशों व स्मार्ट सिटी के महापौर, आयुक्त, स्मार्ट सिटी के सीईओ अधिकारी इसमें शामिल हुए। राष्ट्रपति ने प्रदर्शनी में विभिन्न स्मार्ट सिटी के नवाचारों को भी देखा।