MP Corona : रविवार को नए मरीज घटे, लेकिन सरकार ने सख्ती पर विचार किया

इंदौर में बढ़ते मरीजों की संख्या पर रविवार को काबू

531
Corona Alert:

Bhopal : 24 घंटे के दौरान मध्यप्रदेश में कोरोना के 12 नए केस पॉजिटिव मिले। इस दौरान 8 लोग स्वस्थ भी हुए। 126 एक्टिव केस हैं और 52592 लोगों का टेस्ट किया गया है।

इस दौरान इंदौर में सिर्फ एक नया मरीज मिला। प्रदेश में नए मामले घटे हैं। लेकिन, अभी प्रदेश पर से खतरा पूरी तरह से हटा नहीं है। देश में कोरोना के नए वेरियंट ओमीक्रान ने ज्यादा चिंता बढ़ाई है। राज्य सरकार ने भी नई सख्ती पर विचार करना शुरू कर दिया। अब तक प्रदेश में 10528 लोगों की कोरोना के कारण जान गई है।

मध्यप्रदेश में कोरोना पाबंदियां के हटते ही फिर नए मामले सामने आने लगे। प्रदेश में पिछले 9 दिनों में 139 पॉजिटिव मामले मिले हैं। प्रदेश में शनिवार को 18 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 122 तक पहुंच गई। स्वस्थ होने वाले भी 8 थे। इंदौर में सबसे अधिक 10 भोपाल में 6,रायसेन में 2 कोरोना पॉजिटिव केस मिले थे।

करीब एक हफ्ते बाद इंदौर में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या से रविवार को राहत रही। 24 घंटे में केवल एक ही पॉजिटिव मरीज मिला। एक्टिव मरीज भी घटकर 42 हो गए हैं। प्रशासन ने नए वायरस ओमिक्रॉन को लेकर लोगों से अपील की कि वे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर खुद और दूसरों के स्वास्थ्य की रक्षा करें।

पिछले एक हफ्ते कुल 55 पॉजिटिव पाए गए थे, इसे लेकर चिंता बढ़ गई थी। रविवार रात जारी बुलेटिन के अनुसार 5674 सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से 5262 सैंपल निगेटिव तथा 1 सैंपल पॉजिटिव पाया गया। नए मरीज के साथ इंदौर में अब तक 153342 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 151907 स्वस्थ हो चुके हैं।

नए मरीजों को MRTB हॉस्पिटल में ही एडमिट किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने नए पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद उनकी कॉन्टैक्ट और ट्रैवल हिस्ट्री पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया है। इसके चलते संबंधित के परिवार व नजदीकी लोग, जो एक हफ्ते में उनके संपर्क में रहे हैं, के ज्यादा से ज्यादा सैंपल लिए जा रहे हैं। प्रशासन ने भी नई सख्ती करना शुरू कर दी।