प्रियंका गांधी के वादे के बाद अब BJP बच्चों की पढ़ाई को लेकर ला सकती है बड़ी योजना

633
Bjp In Bengal

प्रियंका गांधी के वादे के बाद अब BJP बच्चों की पढ़ाई को लेकर ला सकती है बड़ी योजना

भोपाल: भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने-अपने घोषणा पत्र लगभग तैयार कर लिए हैं। इन घोषणा पत्रों को दोनों ही दल इसी महीने जारी कर देंगे। इस बीच कांग्रेस की महामंत्री प्रियंका गांधी द्वारा मंडला में बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने के वादे का तोड़ अब भाजपा को निकालना होगा। इसे लेकर भाजपा के नेता आने वाले एक दो दिन में विचार कर सकते हैं।

प्रियंका गांधी ने वादा किया है कि प्रदेश में पहली से 12वीं तक पढ़ने वाले बच्चों को कांग्रेस की सरकार आई तो उन्हें पढ़ने के लिए आर्थिक मदद की जा जाएगी। इस योजना को तीन केटेगिरी में बांटा गया है। इस योजना को लेकर अब भाजपा में अब मंथन हो सकता है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने रसोई गैस 500 रुपए में देने का वादा किया था, उसके बाद सरकार ने लाड़ली बहनों को गैस सिलेंडर 450 रुपए में देना शुरू कर दिए हैं। इसी तरह अब बच्चों की इस योजना को लेकर भी भाजपा तोड़ खोज सकती है।

संगठन को सौंपा

इधर भाजपा की घोषणा पत्र समिति ने कुछ दिन पहले ही घोषणा पत्र बनाकर संगठन को सौंप दिया है। घोषणा पत्र अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के पास है। दोनों इसका अध्ययन करने के बाद इसे जारी करने की तारीख का ऐलान कर सकते हैं। इस समिति के अध्यक्ष प्रमुख जयंत मलैया है। जबकि सह प्रमुख प्रभात झा हैं। जन आशीर्वाद यात्राओं और अन्य जगहों पर आकांक्षी पेटी भी रखवाई थी, जिसमें लोगों से सुझाव भी दिए थे। इन सुझावों को भाजपा घोषणा पत्र में शामिल करने वाली है।

कांग्रेस ने सौंपा कमलनाथ को वचन पत्र

कांग्रेस का वचन पत्र भी तैयार हो गया है। कांग्रेस की प्लानिंग है कि नवरात्रि में ही इसे जारी कर दिया जाए। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र को जारी करने से पहले ही पांच गारंटी दे दी है। जबकि इसके बाद प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मंडला में बढ़ा वादा किया है। कांग्रेस के वचन पत्र में स्वास्थ्य को लेकर भी बड़ी योजना का वादा हो सकता है। इस समिति के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह हैं।