Collector’s Order Not Obeyed : कलेक्टर ने यहां प्लॉट खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई, पर आदेश की धज्जियां ही उड़ा दी!

भू-माफियाओं के कारनामे जारी, राजस्व और नगर निगम के भवन अनुज्ञा अधिकारी को शिकायत का इंतजार!

580

Collector’s Order Not Obeyed : कलेक्टर ने यहां प्लॉट खरीदी-बिक्री पर रोक लगाई, पर आदेश की धज्जियां ही उड़ा दी!

Indore : शहर में राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अवैध कॉलोनियों के भू-माफियाओ के हौसले बुलंद हैं। राजस्व और निगम अधिकारियों की साठगांठ के चलते ये प्रशासन और कानून के आदेशों को खुले आम चुनौती देते हुए अवैध कॉलोनी की बसाहट में अवैध निर्माण कर शासन को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। मल्हारगंज तहसील का ऐसा ही एक नया मामला सामने आया।

शहर के पश्चिम क्ष्रेत्र के ग्राम सिरपुर,वार्ड-1, नगर निगम ज़ोन क्रमांक-16 के अंतर्गत आने वाले सन्नी गार्डन की सर्वे नम्बर 357, 358,, 359 व 360 की रकबा 0.0650, 0.690. 0.650 हेक्टेयर भूमि वर्तमान में राजस्व अभिलेख में संतोष गावड़े व राजवर्धन गावड़े के नाम पर दर्ज है। इस भूमि पर भू-माफिया लियाकत अली, मेहतूब, जुनेद खान, जफर खान व अन्य ने गावड़े बंधुओं से क्रय अनुबन्ध करके बिना किसी डायवर्सन, बिना कॉलोनी विकास अनुमति और निगम की अनुमति के बिना नियम विरुद्ध अवैध भूखंड नोटरी दस्तावेज के माध्यम से बेचे जा रहे हैं। अवैध कॉलोनियों में पैसा लगाने वाले संगठित गिरोह के वाजिद अली, अब्दुल इस्माइल, इज्जत नूर, अकील हुसैन, यूनिस, आरिफ और उमर सटोरिया को विक्रय करके अवैध लाभ कमाकर सरकार को लाखों के राजस्व की हानि पहुंचाई है।

गौरतलब है कि कलेक्टरेट की जनसुनवाई में की गई शिकायत (क्रमांक 297334, दिनांक 07 फ़रवरी 2023) पर कलेक्टर ने अवैध निर्माण और अवैध खरीदी-बिक्री पर प्रतिबंध की कार्यवाही के आदेश दिए थे। आदेश के अनुसार नायब तहसीलदार मल्हारगंज द्वारा उक्त भू माफिया के विरुद्ध मप्र नगर पालिका अधिनियम की धारा 392-सी के अंतर्गत थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 149/2023 की कायमी भी की गई थी।

 

आदेश के बाद भी अवैध निर्माण

इन राजनीतिक सरंक्षण प्राप्त भूमाफियाओं के हौंसले इतने हैं कि वे कलेक्टर द्वारा अवैध कॉलोनी पर रोक के साथ प्लॉट के क्रय-विक्रय एवं भवन निर्माण पर प्रतिबंध की कार्यवाही के बाद भी सन्नी गार्डन की भूमि पर भवन निर्माण के साथ ही खरीदी-बिक्री कर रहे हैं।

IMG 20231024 WA0067

निगम अधिकारियों की मौन स्वीकृति

भूमाफियाओं की नगर निगम के अधिकारियों से सांठ-गांठ का खुलासा तब हुआ, जब निगम आयुक्त व कॉलोनी सेल प्रभारी को शिकायतकर्ता ने 6 फ़रवरी 2023 को आवक क्रमांक 8898 के माध्यम से आयुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। इसके बावजूद सन्नी गार्डन क्ष्रेत्र के निगम ज़ोन क्रमांक-16 के जोनल अधिकारी अग्रवाल और भवन अनुज्ञाधिकारी गजल खन्ना से सन्नी गार्डन पर कलेक्टर की कार्यवाही एवं आज भी हो रहे भवन निर्माण की जानकारी मांगने पर दोनों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं होने की बात की। साथ ही कहा कि यदि कोई शिकायत आती है, तो अवश्य कार्यवाही करेंगे।

 

पुलिस कार्यवाही ठंडे बस्ते में

चंदन नगर थाने में अपराध क्रमांक 149/2023 के तहत लियाकत, जुनेद,और जफर पर प्रकरण दर्ज कर दस्तावेज की जाँच-विवेचना के नाम पर फाइल को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। लिहाजा नायब तहसीलदार द्वारा पुलिस को सौपी गई दस्तावेज की फाइल में सलंग्न क्रय अनुबंधों के आधार पर मेहतूब, अब्दुल इस्माइल, अकील हुसैन, आरिफ, वाजिद, उमर को भी आरोपी बनाया जाना था। नियमों के दांव-पेंच और उमर-लियाकत की सेटिंग में मामला उलझकर ठंडे बस्ते में चला गया। इस कार्यवाही को लेकर चंदन नगर के थाना प्रभारी ने जांच दिखवाने का अवश्य कहा था और अगले दिन उनका तबादला हो गया।