SDM Was Murdered by her Husband : डिंडोरी कि SDM की उसके पति ने ही हत्या की, मामला दर्ज!

सर्विस रिकॉर्ड और अन्य जगह नॉमिनी नहीं बनाए जाने को लेकर दोनों में पहले से विवाद!

653

SDM Was Murdered by her Husband : डिंडोरी कि SDM की उसके पति ने ही हत्या की, मामला दर्ज!

 

Dindori : पुलिस ने डिंडौरी जिले के शहपुरा की SDM निशा नापित की संदिग्ध स्थितियों में मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। निशा की बहन का आरोप सही निकला कि यह मौत सामान्य नहीं थी। बल्कि, उनके पति मनीष शर्मा ने ही हत्या की है। उसने तकिए से गला दबाकर हत्या की और पुलिस को गुमराह करने कि कोशिश की। पुलिस ने सबूत के साथ मामले का खुलासा कर दिया। निशा की बड़ी बहन नीलिमा का आरोप था कि पति उसे प्रताड़ित करता था। उसके दूसरों से भी संबंध हैं।

बहन ने आरोप लगाया कि 2020 में निशा ने ग्वालियर के मनीष शर्मा से शादी की थी। दोनों कि मुलाकात मैट्रीमोनियल साइट के जरिए हुई थी। निशा ने किसी को नहीं बताया और अकेले ही शादी कर ली थी। घर वालों को बाद में बताया। एक बार मिलने घर आई थी। पति भी साथ में था। मंडला में पोस्टिंग के दौरान भी दोनों के बीच खूब विवाद हुआ था। तत्कालीन एसपी ने दोनों को समझाया भी था। मनीष का कई लोगों से संबंध है। वह पैसे को लेकर निशा को परेशान करता था।

पुलिस ने शुरुआत जांच के आधार पर हत्यारे का सुराग लगा लिया। एसडीओपी शहपुरा ने मामले की जांच की। आरोपी मनीष शर्मा (45 साल) निवासी ग्वालियर के खिलाफ अपराध आईपीसी की धारा 302, 304 बी, 201 के तहत आरोपी बनाया गया है। प्रकरण में डीआईजी बालाघाट रेंज ने जांच करने वाले पुलिसकर्मियों को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एफएसएल कि टीम को चादर, तकिया और निशा के पहनने वाले कपड़े वॉशिंग मशीन में मिले हैं। मनीष ने सबूत छिपाने की कोशिश की। मनीष ने कर्मचारियों को निशा के कमरे तक में भी नहीं जाने दिया।

रविवार को करीब 4 बजे शहपुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मनीष शर्मा ही निशा नापित को लाया था। डॉ रत्नेश द्विवेदी ने उनकी जांच की तो बताया कि निशा की मौत पहले ही हो चुकी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो सकेगी। सोमवार को पोस्टमॉर्टम हुआ तो उसमें पता चला कि निशा नापित की हत्या हुई है। पुलिस का कहना है कि ग्वालियर निवासी 45 वर्षीय मनीष शर्मा से निशा का परिचय मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुआ था। दोनों की शादी तीन अक्तूबर 2020 को हुई थी।

बताया गया कि दोनों ने मंडला के गायत्री मंदिर में शादी कर ली थी। दोनों के बीच कई मामलों को लेकर विवाद था। मनीष चाहता था कि निशा अपने सर्विस रिकॉर्ड समेत अन्य जगहों पर नॉमिनी के तौर पर उसका नाम दर्ज करें। पर, निशा इस बात को लेकर राजी नहीं थी। इसी बात को लेकर रविवार को भी दोनों में विवाद हुआ था और मनीष ने निशा की हत्या कर दी थी।

परिजन आज सुबह पहुंचे

अंबिकापुर से निशा की बहन नीलिमा और परिजन आज सुबह डिंडौरी पहुंचे। सुबह से ही बंगले में पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल और एफएसएल की टीम ने जांच की। सोमवार सुबह विधायक ओमप्रकाश धुर्वे अपने समर्थकों के साथ एसडीएम के परिजनों से मिलने पहुंचे। बंगले में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, डिंडोरी एसडीएम रामबाबू देवांगन भी मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा भी मौके पर पहुंचे।

सबूत मिटाने की भी कोशिश

पुलिस ने घटनास्थल की जांच, गवाहों के बयान, पीएम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दावा किया कि मनीष शर्मा ने रविवार को एसडीएम निशा नापित के मुंह-नाक पर तकिया रखकर दबाया। इससे ही दम घुटने से उनकी मौत हो गई। सबूत छिपाने के लिए मनीष ने खून से सने कपड़ों को वॉशिंग मशीन में धोया और उन्हें अन्य कपड़ों के साथ धोकर सुखा दिया था।

किडनी खराब होने की झूठी बात की

मनीष शर्मा ने रविवार को कहा था कि निशा की एक किडनी खराब थी। शनिवार को उनका व्रत था तो उन्होंने दो अमरूद खाए। मैंने मना भी किया। रात में उसे उल्टी हुई तो दवा दी थी। सुबह वह सो रही थी। रविवार को कोई काम रहता नहीं इसलिए जगाया नहीं। 10 बजे काम वाली बाई आई तो मैं घूमने चला गया। दोपहर 2 बजे बंगले आकर मैंने पूछा तो पता चला कि मैडम नहीं उठी। मैं कमरे में गया तो वहां वह बेसुध थी। मैंने सीपीआर देने की कोशिश की। फिर ड्राइवर को फोन लगाया। फिर हम लोग उन्हें अस्पताल ले गए।