Female Drug Smuggler : मानसी के तार सागर जैन से जुड़े, रिमांड में पुलिस को कई नाम बताए

शहर में इस गैंग के कई और साथियों के नाम सामने आने की संभावना

727

Indore : मुंबई की पूर्व एयर होस्टेस मानसी (Mansi) का इंदौर और कुख्यात सागर जैन (Sagar Jain) से कनेक्शन सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। इसके तार सागर जैन से जुड़े मिले हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। इंदौर में इस गैंग के कई और साथियों के नाम सामने आने की संभावना है। नए साल के जश्न के पहले क्राइम ब्रांच एक बार फिर से किसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे सकती है।
क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गुरु प्रसाद पाराशर (Additional Deputy Commissioner of Police Guru Prasad Parashar) ने बताया कि महिला के संबंध जनवरी में चंदन नगर थाना क्षेत्र के सोलसिंदा में पकड़े गए आठ आरोपियों से है। इन आरोपियों से 70 करोड़ की ड्रग्स (70 Crore Drugs) पकड़ी थी। इन आरोपियों के कुछ साथियों को गुजरात, मुंबई, अजमेर, दिल्ली को गिरफ्तार किया था। चार दिन पहले पकड़ी गई मुंबई की ड्रग्स सप्लायर का इंदौर कनेक्शन मिला है। उसकी निशानदेही पर विशाल पिता संतोष कटियार को गिरफ्तार कर लिया है। विशाल पर थाना विजयनगर क्षेत्र में आपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपी के तार सागर जैन से जुड़े हैं।
क्राइम ब्रांच ने दस लाख की एमडी ड्रग्स के साथ मुंबई की मानसी को गिरफ्तार किया था। उसने ये एमडी ड्रग बच्चे के डायपर के बीच छिपाकर (Hiding Between Baby Diapers) रखी थी। उसे गिरफ्तार कर उसने पूछताछ की गई तो उसने मुंबई के कई ड्रग पैडलर (Many Drug Peddlers From Mumbai) के नाम उजागर किए। इंदौर में उसके साथियों के बारे में मिली जानकारी के बाद क्राइम ब्रांच ने विशाल पिता संतोष कटियार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में ये बात सामने आई है कि विशाल सागर जैन से भी जुड़ा हुआ है। सागर जैन का नाम जिस्म फरोशी और ड्रग्स तस्करी (Sex Trafficking and Drug Smuggling) में सुर्खियों में आ चुका है। दूसरी और ड्रग्स के मामले में पूर्व में पकड़े गए कुछ आरोपियों की जमानत हो चुकी है और वे जेल से छूट चुके हैं। क्राइम ब्रांच उन आरोपियों पर भी पैनी नजर रख रही है।
शहर में 31 दिसंबर को होने वाली पार्टी के लिए रईसजादों ने ड्रग्स की मांग की है। इस मांग को पूरा करने के लिए ड्रग तस्करों ने अपने इंदौर एजेंटों से संपर्क किया है। शहर में पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू होने के बाद कई एजेंटों ने ड्रग सप्लाय करने से इनकार कर दिया है। वे या तो भूमिगत हो गए हैं या फिर शहर से पलायन कर गए हैं। इस तरह के कुछ ड्रग्स सप्लायर के बारे में क्राइम ब्रांच को भी जानकारी मिली है। क्राइम ब्रांच ने अपने विशेष सूचना तंत्र की टीम को भी सक्रिय कर दिया है। ये टीम पबों पर पैनी नजर बनाए हुए है और ड्रग्स तस्करों की खोजबीन कर रही है। यह भी चर्चा है कि नए साल के जश्न के पहले क्राइम ब्रांच फिर से किसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे सकती है। फिलहाल पकड़े गए विशाल से कई बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
मानसी की सूचना पर पुलिस ने विशाल कटियार को रिमांड पर लिया। उसका कहना है कि वह एमडी ड्रग्स बेचता नहीं, वह तो पब में रेव पार्टी अरेंज करता था और लड़कियां उपलब्ध करवाता था। इससे उसे मोटी कमाई हो जाती थी। एक माह में दो से तीन पार्टी करवाता था। पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह सागर जैन के साथ मिलकर पिछले कुछ सालों से इंदौर के पब में रेव पार्टी करवाता था। सागर के पास कई लड़किया भी थीं, वो इनको लोगों को उपलब्ध करवाता था। इसके लिए वे मोटी रकम लेते थे। वह पिछले कुछ सालों में कई रेव पार्टियां अरेंज कर चुका है। उसने आधा दर्जन पब के बारे में पुलिस को बताया, जहां वे पार्टी करवाते थे। अब पुलिस इन पब की भी कुंडली निकाल रही है। इंदौर के बाहर भी उसने कुछ पार्टियां अरेंज करना बताया है।
पुलिस को पता चला है कि विशाल के खिलाफ खजराना थाना क्षेत्र में एक हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ चार-पांच और मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। सागर जैन के पकड़े जाने के दौरान वह भाग निकला था। इसलिए बच गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ चैक बाउंस के भी कई मामले चल रहे हैं।
एमडी सप्लाय की कई लिंक
पुलिस ने एक साल में एमडी ड्रग्स के मामले में 36 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया है। बताते हैं कि इंदौर में एमडी की डिमांड पिछले कुछ सालों से अधिक है। इसके चलते मुंबई के कई तस्कर इंदौर में डिलीवरी देते हैं। कुछ दिन पहले पुलिस ने अमजद लाला को पकड़ा था। इसके पास इंदौर में कई लडक़े हैं, जो इसकी एमडी ड्रग्स को पार्टियों में पहुंचाते हैं। इसके एवज में इनको पांच से दस हजार मिलते हैं। बताते है कि एक गैंग के पास ऐसे 10 से 15 लडक़े हैं।