Effective Seasonal Rain : देर रात मौसम की पहली असरदार बारिश, सुबह खुशनुमा!  

इंदौर-भोपाल सहित 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी!

459

Effective Seasonal Rain : देर रात मौसम की पहली असरदार बारिश, सुबह खुशनुमा!

 

Indore : प्रदेश में मानसून की बहुत जल्द आमद होने वाली है। इससे लोगों को दो महीने की चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी। शहर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। देर रात से सुबह तक हुई करीब दो-ढाई घंटे की बारिश से मौसम बदल गया।

वहीं उत्तर-पूर्व में गर्मी की तपिश से लोगों का हाल बेहाल रहा। मौसम विभाग ने इंदौर-भोपाल सहित 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अब भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में इस बार मानसून 17 से 19 जून तक आ जाएगा। इससे पहले प्री मानसून की बारिश होती रहेगी।

IMG 20240608 WA0040

19 जून से पहले कभी भी मानसून प्रदेश में आमद दे सकता है। इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश में गर्मी से तपिश बढ़ गई। धूप बने रहने के कारण अधिकतम तापमान भी ज्यादा है। विशेषकर ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक बना है।

आज शनिवार को इंदौर भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में वर्षा होने की भी संभावना है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है।

सौराष्ट्र में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। मध्य और दक्षिण मप्र में बारिश के आसार हैं जिस वजह से तेज हवाए और गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।