उफ… ये गर्मी! 47 डिग्री के साथ फिर तपने लगा छतरपुर, नौगांव बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर..

दोपहर होते ही बाजार बंद, सड़कों पर पसरा सन्नाटा; अगले 72 घंटे तक राहत के आसार नहीं..

28

उफ… ये गर्मी! 47 डिग्री के साथ फिर तपने लगा छतरपुर, नौगांव बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर..

छतरपुर। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को छतरपुर जिला एक बार फिर प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बनकर सामने आया। नौगांव में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ यह प्रदेश का सबसे गर्म शहर बन गया। लगातार दूसरे दिन जिले ने गर्मी के पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए लोगों को बेहाल कर दिया।

सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा खजुराहो मंगलवार को 46.4 डिग्री तापमान के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं बुंदेलखंड से सटे दतिया जिले में 45.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।

सुबह खुले बाजार, दोपहर तक लौटे व्यापारी..

मौसम विभाग ने सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया था। इसका असर नौगांव शहर में साफ दिखाई दिया। सुबह व्यापारी अपनी दुकानें खोलने पहुंचे जरूर, लेकिन सूरज की तपिश बढ़ते ही हालात बदल गए। दोपहर 11 से 12 बजे के बीच अधिकांश दुकानदार शटर गिराकर घर लौट गए।

शहर में दोपहर के समय अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात दिखाई दिए। बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल नेशनल हाईवे पर ही वाहनों की हलचल नजर आई। कई दुकानदार शटर बंद कर अंदर कूलर और पंखों के सहारे गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते दिखाई दिए।

लोगों को याद आया 49 डिग्री वाला दिन..

नौगांव के लोग आज भी 10 जून 2019 का वह भयावह दिन नहीं भूले हैं, जब यहां का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वह दिन इलाके के इतिहास में सबसे गर्म दिन के रूप में दर्ज है। भीषण गर्मी के उस दौर ने लोगों को झकझोर दिया था।

इसके बाद पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण को लेकर कई सामाजिक अभियान शुरू किए गए थे, ताकि बढ़ते तापमान पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सके।

बुंदेलखंड में गर्मी के रिकॉर्ड

बुंदेलखंड क्षेत्र लगातार प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है।

28 मई 2018 को खजुराहो में 48.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था।

10 जून 2019 को नौगांव में 49 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

29 मई 2024 को निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में 48.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था।

अभी और सताएगी गर्मी.

मौसम विशेषज्ञ कालीचरण रैकवार के मुताबिक रात के तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज हुई है, लेकिन दिन की गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले 48 से 72 घंटे तक नौगांव और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक बना रह सकता है।

शहर में हर जुबान पर एक ही सवाल है— “उफ… ये गर्मी! अभी तो नौतपा बाकी है, आगे क्या होगा?”