World Record of Plantation : ‘क्लीन सिटी’ इंदौर अब बना ‘ग्रीन सिटी’ 12 घंटे में 11 लाख से ज्यादा पौधे लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना! 

24 घंटे में सर्वाधिक वृक्ष लगाने का रिकॉर्ड मध्य प्रदेश शासन के नाम बना, CM डॉ मोहन यादव ने 'गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' स्वीकार किया! 

4392

World Record of Plantation : ‘क्लीन सिटी’ इंदौर अब बना ‘ग्रीन सिटी’ 12 घंटे में 11 लाख से ज्यादा पौधे लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना! 

Indore : स्वच्छता के लिए देशभर में प्रसिद्ध शहर इंदौर ने आज वृक्षारोपण में भी रिकॉर्ड बना दिया। 12 घंटे में शहर के रेवती रेंज इलाके में 11 लाख से ज्यादा पौधे रोपे गए। ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। अभी तक यह रिकॉर्ड असम के नाम दर्ज था। वहां 9 लाख 26 हजार पौधे लगाए गए थे। अब यह रिकॉर्ड इंदौर के नाम पर दर्ज हो गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यह खास रिकॉर्ड बनाया गया। एक ही दिन में 11 लाख पौधे लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने का लक्ष्य था। लेकिन, यह आंकड़ा 11 लाख से ज्यादा पहुंच गया। 60 हजार से अधिक लोगों और विभिन्न सामाजिक, औद्योगिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा किया गया उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया। 24 घंटे के भीतर सर्वाधिक वृक्ष लगाने का रिकॉर्ड मध्य प्रदेश शासन के नाम बना। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की और से प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

शहर के बाहरी इलाके में उज्जैन रोड पर स्थित रेवती रेंज पर हुए इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए एक दिन में 11 लाख से ज्यादा पौधे लगाए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ख़ास अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का हिस्सा बने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जिन्होंने इंदौर की जमकर सराहना करते हुए वृक्षों का महत्व बताया। जो शहर अभी तक ‘क्लीन सिटी’ के रूप में लोकप्रिय था, अब वो ‘ग्रीन सिटी’ भी कहलाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान इंदौर में जन आंदोलन बन गया। इसे जलवायु परिवर्तन के प्रति प्रधानमंत्री का सटीक जवाब माना जा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रेवती रेंज परिसर में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 11 लाख वृक्षारोपण के कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण करना आसान है। लेकिन, उन्हें बड़ा करना काफी कठिन है। उन्होंने सभी पौधरोपण करने वालों से कहा कि वे लगाए गए पौधों का अपने बेटे की तरह पालन करें। यह वृक्ष आगे एक माँ की तरह आपकी चिंता करेगा। उन्होंने कहा कि 51 लाख पौधे लगाना और एक ही दिन में 11 लाख पौधे लगाना अपने आप में अभूतपूर्व हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठे आयोजन के लिये इंदौर वासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी।

IMG 20240714 WA0093

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सभी विधायक और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा, फिल्म निर्देशक, निर्माता और लेखक नीरज पाठक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि रणदीप हुड्डा ने फिल्म के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर जी को चिरंजीवी बनाने का काम किया है।

IMG 20240714 WA0091

कई उपलब्धियों के बाद अब ‘ग्रीन सिटी’ 

अमित शाह ने कहा कि इंदौर अभी तक स्वच्छता, स्वाद, सहयोग, सुशासन और सहभागिता के लिए जाना जाता हैं। आज से इंदौर ‘एक पेड़ माँ के नाम अभियान’ में वृहद पौधरोपण के लिए भी देश भर में जाना जाएगा। इंदौर में 11 लाख पौधे रोपने का यह विश्वविक्रम पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई की नगरी इंदौर को नए कीर्तिमान के साथ पूरे विश्व में प्रसिद्ध करेगा। उन्होंने कहा कि इंदौर स्मार्ट सिटी, मेट्रो सिटी, क्लीन सिटी, मॉडर्न एजुकेशन का हब बनने के बाद अब ग्रीन सिटी के नाम से भी जाना जाएगा। जन सहभागिता से किसी भी अभियान को सफल बनाया जा सकता है, जो इंदौर ने पुनः करके दिखाया।

भारत का लंग्स है मध्य प्रदेश 

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। यह भारत का लंग्स है, जो पूरे देश को ऑक्सीजन देने का काम करता है। प्रदेश का 31% क्षेत्र फॉरेस्ट कवर में आता है और पूरे देश का 12% फॉरेस्ट कवर मध्यप्रदेश में हैं। जिससे मध्य प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। प्रदेश में 6 टाइगर रिजर्व, 11 नेशनल पार्क और 24 अभ्यारण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा कुन्हो में चीते भी लाए गए हैं।

भोपाल और उज्जैन में भी वृक्षारोपण होगा 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि मालवा की संस्कृति में शुरू से ही प्रकृति के साथ मेलजोल बनाकर रखने का रिवाज है। एक पेड़ माँ के नाम अभियान ने बहुत व्यापक रूप ले लिया है। जिसमें इंदौर में 51 लाख, भोपाल में 40 लाख और उज्जैन में 10 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर शहर प्रधानमंत्री मोदी जी का दीवाना है। प्रधानमंत्री के हर संकल्प में इंदौर की भागीदारी रहती है। उन्होंने ही कहा था कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाना है। इंदौर की जनता ने फैसला किया कि इस संकल्प को पूरा करेंगे। इंदौर की जनसंख्या 30 लाख है लेकिन हम 51 लाख पौधे लगाएंगे। इतना ही नहीं हमारा अनुमान है कि 60 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

सौ से अधिक एनआरआई भी सहभागी बने 

इंदौर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रेवती रेंज में वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता करने के लिए 100 से अधिक एन.आर.आई. भी पहुँचे। इसमें यूएई, यूएसए एवं यूके से पहुँचे एनआरआई भारतीयों ने पूरे उत्साह से वृक्षारोपण किया।

बीएसएफ जवानों ने रोपे हजारों वृक्ष

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत आज रेवती रेंज में सीमा सुरक्षा बल के दो हजार जवानों ने हजारों वृक्षों का रोपण किया। डिप्टी कमाडेंट श्री राकेश मीणा ने बताया आज हमारे जवानों ने पूरे उत्साह से एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षा रोपण किया।

IMG 20240714 WA0094

50 स्कूलों के ढाई हजार एनसीसी विद्यार्थियों ने भाग लिया 

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रेवती रेंज में आज 50 विद्यालयों के ढाई हजार से अधिक एनसीसी विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण किया। ग्रुप हैडक्वाटर एनसीसी अधिकारी दीपक कुमार ने बताया आज एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत एनसीसी के विद्यार्थियों ने उत्साह से वृक्षारोपण किया।

IMG 20240714 WA0092

पैरालिसिस से ग्रसित ने किया वृक्षारोपण

एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आज इंदौर के रेवती रेंज पहाड़ी पर पैरालिसिस से प्रभावित इंदौर निवासी 40 वर्षीय पूनम मंदानी ने वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता की। उन्होंने अपनी माताजी श्रीमती उर्मिला मंदानी एवं मेडिकल टीम के सहयोग से रेवती रेंज पहुंचकर वृक्षारोपण किया।