Heavy Rain : इंदौर में गुरुवार देर रात से भारी वर्षा, चौतरफा पानी, सड़कें जाम! पश्चिम क्षेत्र में साढ़े 5 और पूर्वी इलाके में साढ़े 3 इंच रिकॉर्ड वर्षा!

 शनिवार को स्कूलों की छुट्टी!   

115

Heavy Rain : इंदौर में गुरुवार देर रात से भारी वर्षा, चौतरफा पानी, सड़कें जाम! पश्चिम क्षेत्र में साढ़े 5 और पूर्वी इलाके में साढ़े 3 इंच रिकॉर्ड वर्षा!

Indore : अभी तक कम वर्षा से जूझ रहा इंदौर शहर गुरुवार देर रात से पानी से तरबतर हो गया। गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि से शुरू हुई बारिश सुबह 8 बजे तक जारी रही, उसके बाद कुछ देर बारिश के थमने के बाद फिर बारिश का दौर शुरू हुआ जो शुक्रवार देर रात तक जारी रहा। भारी वर्षा के कारण प्रशासन ने शनिवार 24 अगस्त को आंगनबाड़ी और स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। शहर के पश्चिमी इलाके में साढ़े 5 इंच और पूर्व में साढ़े 3 इंच वर्षा दर्ज हुई।

शुक्रवार को पूरे दिन कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हुई। लेकिन, शाम 5 बजे के बाद फिर तेज बारिश शुरू हो गई। इससे कई इलाकों में पानी भर गया, सड़कें लबालब भर गई। कई जगहों पर जाम लग गया। कई वाहन खराब हो गए। विजय नगर थाने में आधा फीट पानी जमा हो गया। इस वजह से पुलिसकर्मी रूटीन काम छोड़ पानी निकालने में जुट गए। रात 9 बजे यशवंत सागर का एक गेट खोला गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में लो प्रेशर एरिया की वजह से मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। इस वजह से गुरुवार रात से ही कुछ जिलों में बारिश हो रही है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसून ट्रफ के चलते इंदौर में आज तेज बारिश का अनुमान है। 25 अगस्त से सिस्टम और मजबूत हो जाएगा।

शहर में कई जगह जल जमाव हो रहा है। पानी की लाइनें चोक हो रही हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त शिवम वर्मा ने निगम के सभी जोन कार्यालय की टीम को फील्ड में अलर्ट रहने के लिए कहा है। इसके चलते निगमकर्मी जल जमाव हटा रहे हैं। इस सीजन में पहली बार यशवंत सागर लबालब भराया है। बारिश को देखते हुए नगर निगम ने शुक्रवार रात 9:00 से 9:30 बजे के बीच 19 फीट क्षमता वाले यशवंत सागर का एक गेट खोलने का निर्णय लिया है।

WhatsApp Image 2024 08 23 at 22.55.10 1

शनिवार को स्कूलों की छुट्टी 

कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर ज़िले में हो रही भारी बारिश को देखते हुए शनिवार को ज़िले के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों और शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में (कक्षा 12वीं तक) अवकाश घोषित किया है। जाम के कारण विजय नगर में निजी अस्पताल की एक एम्बुलेंस फंस गई। इसे करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद निकाला जा सका। इसके अलावा शहर में कई जगह पेड़ गिरने की सूचनाएं हैं। जिंसी और सपना संगीता इलाके में पेड़ गिरने के कारण जाम लग गया।

कहां कितनी वर्षा 

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी इलाके में साढ़े 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि, पूर्व में साढ़े तीन इंच वर्षा दर्ज हुई। एयरपोर्ट स्थित मौसम केन्द्र पर रात साढ़े आठ बजे तक 141.5 यानी करीब साढ़े पांच इंच बारिश दर्ज की गई। रीगल स्थित मौसम केन्द्र पर शाम साढ़े सात बजे तक 91.6 यानी करीब साढ़े तीन इंच बारिश दर्ज।