MP में राजस्व महाअभियान 2.0 में 50 लाख प्रकरण निराकृत,CM ने दी बधाई, कहा – जल्द ही महाअभियान 3.0 प्रारंभ होगा

123

MP में राजस्व महाअभियान 2.0 में 50 लाख प्रकरण निराकृत,CM ने दी बधाई, कहा – जल्द ही महाअभियान 3.0 प्रारंभ होगा

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 18 जुलाई से 31 अगस्त तक चले राजस्व महाअभियान 2.0 में संतोषजनक सफलता प्राप्त करने पर नागरिकों तथा अधिकारी- कर्मचारियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनसेवा का संकल्प और जन-जन की समस्याओं के निराकरण के लिए मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर चलाया गया राजस्व महाअभियान 2.0 काफी कारकर सिद्ध हुआ है। जमीन की नामांतरण प्रक्रिया सुगम बनाने के उद्देश्य के साथ प्रदेश में चलाए गए दोनों राजस्व महाअभियानों में अब तक लगभग 80 लाख राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है। हम जल्द ही राजस्व महाअभियान 3.0 भी प्रारंभ करेंगे, जिससे यदि किसी का प्रकरण लंबित हो, तो उसे भी लाभ मिले।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया संदेश में कहा कि राज्य सरकार नामांतरण, बंटवारा आदि के मामले में गंभीर है। नागरिकों की इन समस्याओं को दूर करने में प्रमुख भूमिका निभाने में सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश के अलीराजपुर, उज्जैन, उमरिया, निवाड़ी और नर्मदापुरम जैसे प्रमुख जिलों में प्रकरणों के निपटारे में अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण कार्य किया। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए मध्यप्रदेश ने देश में सबसे पहले राजस्व प्रकरणों का निपटारा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए 18 जुलाई से 31 अगस्त तक आयोजित राजस्व महाअभियान 2.0 में लगभग 50 लाख प्रकरणों का निराकरण किया गया है। जबकि राजस्व महाभियान 1.0 में 30 लाख से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों को उत्तम सेवाएं उपलबध कराने के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम को शुभकामनाएँ देते हुए उन सभी नागरिकों को भी बधाई दी है जिनके लंबित मामलों का निराकरण हुआ है।

——-