Indore News: तुलसी नगर में अवैध हॉस्टलों का बढ़ता संकट, छत पर चल रही शराब पार्टी में पुलिस से हुई झूमाझटकी,5 लोग हिरासत में

हॉस्टलों के विरुद्ध कल से रहवासियों का हल्लाबोल हस्ताक्षर अभियान 

115

Indore News: तुलसी नगर में अवैध हॉस्टलों का बढ़ता संकट, छत पर चल रही शराब पार्टी में पुलिस से हुई झूमाझटकी,5 लोग हिरासत में

इंदौर। शहर की प्रतिष्ठित आवासीय कॉलोनियों में शामिल तुलसी नगर में संचालित कथित अवैध हॉस्टलों और पेइंग गेस्ट (पीजी) व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय रहवासियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार तड़के एक हॉस्टल की छत पर चल रही शराब पार्टी के दौरान हुए हंगामे ने एक बार फिर कॉलोनी में कानून-व्यवस्था और सामाजिक वातावरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तुलसी नगर स्थित एक कथित हॉस्टल की छत पर गुरुवार रात से शराब पार्टी चल रही थी। बताया जाता है कि पार्टी में लगभग 10 युवक एवं 2 युवतियाँ शामिल थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात तक तेज आवाज, शोर-शराबा और अनुशासनहीन गतिविधियां जारी रहीं, जिससे आसपास के रहवासी परेशान रहे।

सुबह लगभग 4:45 बजे डायल-112 पुलिस वाहन मौके पर पहुंचा और छत पर चल रही पार्टी को बंद कराने का प्रयास किया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार पार्टी में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस दौरान छत से शराब की बोतलें एवं प्लास्टिक के गिलास सड़क और समीप के खाली प्लॉट में फेंके गए। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद हालात नियंत्रित किए जा सके और पांच लोगों को पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले जाया गया।

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि तुलसी नगर जैसी शांत एवं पारिवारिक कॉलोनी में पिछले कुछ वर्षों से बड़ी संख्या में अवैध हॉस्टल और पीजी संचालित हो रहे हैं, जिनके कारण आए दिन शोर-शराबा, पार्किंग अव्यवस्था, नशाखोरी और अनुशासनहीन गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

रहवासियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार इंदौर नगर निगम (आईएमसी) और संबंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

कॉलोनी की महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देर रात तक होने वाली ऐसी गतिविधियों से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा को लेकर आशंकाएं बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध हॉस्टलों एवं व्यावसायिक गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो तुलसी नगर की पहचान और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से मांग की है कि कॉलोनी में संचालित अवैध हॉस्टलों और पीजी प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस बीच आज लिए गए एक महत्वपूर्ण निर्णय में तुलसी नगर के रहवासी कॉलोनी में बने अवैध हॉस्टलों और होटलों के विरूद्ध रविवार 14 जून से हल्लाबोल हस्ताक्षर अभियान चला कर नगर निगम तथा जिला प्रशासन से ऐसे हॉस्टल संचालकों के विरुद्ध कारवाई की मांग करेंगे।