Child’s Body Found : दो दिन से लापता महिला और 2 बच्चों में से बालक का शव मिला!

कुंआ खाली करवाकर महिला और बेटी की तलाश की जा रही!

231

Child’s Body Found : दो दिन से लापता महिला और 2 बच्चों में से बालक का शव मिला!

धार से छोटू शास्त्री की रिपोर्ट

Dhar : जिले के कुक्षी के नजदीक डही क्षेत्र के ग्राम टेमरिया में दो दिनों से लापता महिला एवं उसके दो बच्चों में से 6 माह के नन्हे पुत्र का शव खेत में बने कुएं में मिला। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। क्षेत्रीय अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और कुंए को खाली करवा कर महिला और उसकी 6 साल की बेटी के शव की तलाश की जा रही है।
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार डही के ग्राम टेमरिया में गत दो दिनों से कविता पत्नी शोभाराम अलावा (24 वर्ष), सिया पुत्री शोभाराम ( 6 वर्ष) और अल्पेश पुत्र शोभाराम (6 माह) गायब थे, जिनकी तलाश की जा रही थी। आज सुबह एक खेत में बने कुएं में गायब हुई महिला सहित पुत्र-पुत्री में से 6 माह के अल्पेश का शव पानी में तैरते हुए मिला।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों सहित पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता, थाना प्रभारी कुक्षी राजेश यादव और तहसीलदार डही जागर सिंह रावत सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और 6 माह के बालक का शव बाहर निकाला गया।
इसके साथ ही कुएं को खाली करवा कर लापता महिला व उसकी 6 साल की बच्ची के शव कुएं में होने की संभावना के तहत तलाश की जा रही है। जानकारी अनुसार इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में आक्रोश भी देखा जा रहा है। इसे लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। मामले में जांच कर घटना से जुड़े दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की बात कही गई है।