Youth Congress Demonstration : इंदौर में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने 16 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया!

अनुमति निरस्त होने के बावजूद जबरन मशाल यात्रा निकालने की कोशिश की!o

83

Youth Congress Demonstration : इंदौर में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने 16 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया!

Indore : युवक कांग्रेस के आह्वान पर आज कार्यकर्ताओं ने मशाल यात्रा निकालने की तैयारी की थी। लेकिन, जिला प्रशासन ने त्योहारों के मद्देनजर इसकी अनुमति निरस्त कर दी। इसके बावजूद, युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और रैली निकालने का प्रयास किया।पुलिस ने इस दौरान युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह और शहर अध्यक्ष रमीज खान सहित 15 अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस ने नाबालिक बच्चियों और युवतियों के खिलाफ बढ़ते दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामलों के खिलाफ इंदौर के गांधी भवन से राजवाड़ा चौक तक मशाल रैली का आयोजन करने का निर्णय लिया था। हालांकि, अनुमति न मिलने के बावजूद, कांग्रेसियों ने रैली निकालने की कोशिश की। शनिवार शाम को कई युवक कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां पुलिस बल ने इलाके में बेरिकेटिंग कर दी थी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता रैली निकालने पर अड़े रहे। जैसे ही मितेंद्र दर्शन सिंह और रमीज खान के नेतृत्व में कार्यकर्ता बेरिकेट्स के बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और गिरफ्तार कर लिया। मितेंद्र दर्शन सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हो रहे अत्याचार को रोकने में विफल है और जब कांग्रेस ने प्रदर्शन का निर्णय लिया, तो उनकी अनुमति भी निरस्त कर दी गई।

डीसीपी ऋषिकेश मीणा ने बताया कि युवक कांग्रेस को अनुमति नहीं दी गई थी। क्योंकि, जिस क्षेत्र से रैली निकाली जानी थी, वह भीड़भाड़ वाला बाजार है। त्योहारों के चलते उस क्षेत्र में ज्यादा भीड़ रहती है, इसलिए सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया। गिरफ्तार किए गए सभी कार्यकर्ताओं को संयोगितागंज थाने में लाया गया।