ब्रजधाम हवेली में 5 दिवसीय दीपावली त्यौहार शुरू

ब्रजधाम हवेली में 5 दिवसीय दीपावली त्यौहार शुरू

हटड़ी उत्सव से हुई दीपोत्सव की शुरूआत, अन्नकूट उत्सव के साथ होगा कार्यक्रम का समापन

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: शहर के अवनीग्राम स्थित ब्रजधाम हवेली (मंदिर) में आज से पाॅच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरूवात हो गई। दीपोत्सव के दौरान भगवान भी ग्वाल-बालों के साथ हटड़ी (दुकानें) लगायेंगे। दीपावली के दौरान आज से पांच दिन तक होने वाले आयोजन के दौरान ठाकुरजी भक्तों को हटड़ी में दर्शन देंगे। भगवान की हटड़ी का आयोजन आज एकादशी से शुरु हुआ जो अमावस्या तक चलेगा। अन्नकूट उत्सव के साथ दीपोत्सव का समापन होगा।

ब्रजधाम हवेली के मुखिया दिनेश भाई पुरोहित और व्यवस्थापक नवनीतलाल महाजन ने बताया कि दीपावली के दौरान ब्रज की तर्ज पर दीपोत्सव के दौरान भगवान बाल-गोपालों के साथ बाजार में दुकान लगाते थे। ठाकुरजी की बाल लीलाओं में एक से ही एक लीला है। शहर में स्थित हवेली में आज से पांच दिन तक भगवान की हटड़ी का आयोजन होगा। यह आयोजन ब्रज और श्रीनाथ द्वारा में होने वाले परंपरागत आयोजन की तर्ज पर ही होता है।

भक्तों को सुख, समृद्धि की कामना को लेकर धार्मिक आयोजन होता है। ब्रजधाम हवेली के ट्रस्टी नरेन्द्र गांधी ने बताया की भगवान की सभी पुष्टिमार्ग की हवेलियों में दीपावली पर्व पर यह धार्मिक आयोजन होता है। जहां बड़ी हवेली होती है वहां भगवान हाट लगाते हैं।

मंदिर के मुखिया दिनेश भाई पुरोहित ने बताया कि स्थानीय ब्रजधाम हवेली में भगवान के बाल स्वरुप का पूजन होता है। इसलिए हवेली में भगवान की सेवा का विशेष महत्व होता है। इन्हीं बाल लीलाओं से भगवान भक्तों को सुख, समृद्धि के साथ आनंद से भरपूर करते है। भक्त भी अपने प्रभु की सेवा के लिए मनोरथ लेकर पहुंचते है। प्रभु के साथ दीपावली का पर्व मनाते हैं।

ठाकुरजी के सामने दीप प्रज्जवलित कर प्रभु के साथ श्रदालू भक्त दीपोत्सव का त्यौहार मनाते हैं। इस दौरान प्रभु भी भक्तों को हटड़ी के बीच दर्शन देते हैं। अन्नकूट उत्सव के साथ ही पाॅच दिवसीय दीपावली दीपोत्सव का समापन होगा।