10 Thousand Jobs Snatched Away : डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क ने 10 हजार सरकारी कर्मचारियों की नौकरी छीनी!

जिन लोगों को निकाला गया उनमें से ज्यादा प्रोबेशन पीरियड पर!

344

10 Thousand Jobs Snatched Away : डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क ने 10 हजार सरकारी कर्मचारियों की नौकरी छीनी!

Washington : करीब 10 हजार सरकारी कर्मचारियों पर गाज गिरी है। डोनाल्ड ट्रंप औऱ उनके सहयोगी एलन मस्क ने मिलकर एक ही दिन में 9500 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया। ये कर्मचारी सरकारी जमीनों के संरक्षण से लेकर रिटायर्ड जवानों की देखभाल तक के काम में लगे थे। नौकरशाही को कम करने के लिए डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया।

गृह विभाग, ऊर्जा, वेटरन अफेयर्स, कृषि, स्वास्थ्य और अन्य कई विभागों में छंटनी की गई। जिन लोगों को नौकरी से निकाला गया है उनमें से ज्यादा प्रोबेशन पीरियड में थे। बहुत सारे कर्मचारियों को नौकरी करते एक साल भी नहीं हुआ। वहीं कुछ सरकारी एजेंसियों को भी बंद कर दिया गया है। इनमें कंज्यूमर फाइनैंशियल प्रोटेक्शन ब्यूरो भी शामिल है। इस बीच इंटरनल रेवेन्यू सर्विस में भी हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी की जा रही है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 अप्रैल से पहले इस डिपार्टमेंट में भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है। व्हाईट हाउस के मुताबिक 75 हजार ऐसे भी कर्मचारी थे, जिन्होंने डोनाल्ड ट्रंप औऱ एलन मस्क के विरोध में अपनी मर्जी से ही नौकरी छोड़ दी। अमेरिका का कुल सिविलियन स्टाफ लगभग 23 लाख का है। ऐशे में करीब 3 पर्सेंट सरकारी कर्मचारियों ने अपने मन से ही नौकरी छोड़ दी है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सरकार पैसे की काफी बर्बादी कर रही थी। वहीं कर्ज भी बढ़ता जा रहा है। अमेरिका पर लगभग 36 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज हो गया है। वहीं पिछले साल राजकोषीय घाटा 1.8 ट्रिलियन डॉलर का था। ऐसे में सरकार में सुधार की जरूरत है। बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को डिपार्टमें ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी का हेड बनाया है। ऐसे में कर्मचारियों से संबंधित फैसले एलन मस्क के हाथों में है।

अमेरिका की संघीय अदालत के एक जज ने देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फेडरल वर्कफोर्स में कटौती की उस योजना का रास्ता बुधवार को साफ कर दिया था। इसके जरिए कर्मचारियों को इस्तीफा देने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें धन की पेशकश की जा रही है।