
मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा भोपाल में 24 वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का शुभारंभ
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि पुलिस अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के कार्य के साथ-साथ खेलों में भी अपनी छाप छोड़ रही है। पुलिस बल के अनेक सदस्यों ने विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को साबित करते हुए देश का नाम रोशन किया है। राजा भोज द्वारा निर्मित भोपाल के ऐतिहासिक बड़े तालाब में अखिल भारतीय प्रतियोगिता का आयोजन , प्रदेश सहित राजधानी भोपाल के लिए गौरव का विषय है । इस आयोजन से वॉटर स्पोर्ट्स के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव का बड़े तालाब स्थित आयोजन स्थल वॉटर स्पोर्ट्स सेंटर में आगमन पर पुलिस बैंड द्वारा अभिवादन किया गया। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने भोपाल आई विभिन्न राज्यों और पुलिस इकाइयों के टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने तिरंगे गुब्बारों के प्रदर्शन और उन्हें हवा में छोड़कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव के सम्मुख प्रतियोगी टीमों द्वारा मार्च पास्ट तथा रो पास्ट का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने अखिल भारतीय प्रतियोगिता के अवसर पर प्रकाशित सामरिक का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रतियोगिता में सहभागी टीमों को शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव को पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना द्वारा अखिल भारतीय आयोजन का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस बैंड द्वारा लगातार देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत की गईं।

सत्रह से 21 फरवरी तक चलने वाली अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में अंडमान निकोबार ,असम, बिहार, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर ,ओडीशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश ,उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, आइटीबीपी और सशस्त्र सीमा बल की टीमें भाग ले रही हैं।





