

Indore Police Awarded : बिहार पुलिस ने इंदौर पुलिस को बिश्नोई गैंग के गुर्गे की गिरफ्तारी के लिए ₹50 हजार का इनाम दिया!
Indore : सामान्यतः ये कम ही देखा गया कि पुलिस को उसकी सक्रियता के लिए दूसरे राज्य की पुलिस ने नकद पुरस्कार से सम्मानित किया हो। घटना के अनुसार, पुलिस ने 1 दिसंबर 2024 को भूपेंद्र सिंह और उसके दो साथियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। इसके लिए बिहार पुलिस ने इंदौर की पुलिस टीम को इनाम देकर सम्मानित किया।
बिहार पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस की टीम को 50 हजार रुपए की इनाम से नवाजा है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे भूपेंद्र सिंह को चार महीने पहले इंदौर में गिरफ्तार करने के मामले में एमपी पुलिस को सराहना मिली। इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि बिहार की गोपालगंज पुलिस ने पिछले साल आधुनिक तकनीक वाली विदेशी ग्लॉक पिस्तौल की अवैध आपूर्ति के मामले में सिंह की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया था। उन्होंने कहा कि इंदौर की लसूड़िया पुलिस ने 1 दिसंबर 2024 को भूपेंद्र सिंह और उसके दो साथियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। इसके लिए बिहार पुलिस ने हमारी टीम को इनाम दिया है।
2017 से गैंग से जुड़ा था भूपेंद्र
इंदौर पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र सिंह 2017 से ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा था, तब पहली बार उसकी मुलाकात फरीदकोट जेल में लॉरेंस बिश्नोई से हुई थी। इसके बाद उसने गैंग ज्वाइन कर ली थी और कई तरह के अपराधों में वह शामिल हो गया था। इंदौर पुलिस को जब उसके शहर में होने की जानकारी मिली थी, तो पुलिस ने उन्हें लसूड़िया थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस को हथियार भी मिले थे। उस वक्त तीनों आरोपी राजस्थान से शराब लेकर आ रहे एक ट्रक को पकड़ने की फिराक में थे। इसलिए वह इंदौर में कार से घूम रहे थे। लेकिन वह कुछ करते उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।