
Hence Power Supply is Affected : मौसम बिगड़ने से बिजली कंपनी के 560 फीडरों में से 60 की आपूर्ति प्रभावित!
Indore : गुरुवार शाम मौसम बिगड़ने, तूफानी हवा, तेज वर्षा से शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा। शहर के में 11 केवी के 560 फीडरों में से 60 फीडरों की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। शहर अधीक्षण यंत्री डीके गाठे ने बताया कि शहर के पांचों डिविजनों से संबंद्ध निम्न दाब एवं उच्च दाब टीमों ने मोर्चा संभाला और कम समय में आपूर्ति व्यवस्था सामान्य करने के प्रयास प्रारंभ किए।

इस कारण शाम छह बजे तक प्रभावित 60 फीडरों में से 42 फीडर सामान्य कर लिए गए। शेष 18 फीडरों पर कार्य रात तक चलता रहा। यह कार्य रात 12 बजे तक चला, जिसके बाद ही शहर के पूर्वी हिस्से की बिजली आपूर्ति सामान्य हुई। शहर अधीक्षण यंत्री ने बताया कि करीब 12 स्थानों पर लाइनों, ट्रांसफार्मरों पर पेड़ की बड़ी डाली या पूरा पेड़ गिरने से व्यवस्थाएं प्रभावित हुई थी। कार्मिकों ने इस जोखिम भरे कार्य को दो घंटे से कम समय में पूर्ण कर अधिकांश स्थानों से पेड़ हटाकर, अन्य जरूरी कार्य कर आपूर्ति सामान्य की।

अधीक्षण यंत्री ने बताया कि शाम को ही पोलोग्राउंड स्थित पावर ट्रांसमिशन कंपनी के चंबल ग्रिड में भी तकनीकी खराबी आने से करीब आधे घंटे बिजली वितरण प्रभावित रहा। ट्रांसमिशन कंपनी से समन्वय स्थापित कर इसे सीमित समय में ठीक कराया गया। शहर में गुरुवार शाम आपूर्ति व्यवस्था संधारण में करीब 600 कर्मचारी लगे, इसमें 30 इंजीनियर भी शामिल थे।
शाम की अवधि में शहर वृत्त के अधीन जोनों की टीम ने 600 से ज्यादा व्यक्तिगत शिकायतों का भी समाधान किया। शहर की टीमें वर्तमान में प्रभावित 18 फीडरों को सामान्य करने में लगी हुई है, टीमें इस कार्य को पूर्ण होने तक मौके पर ही लगी रही। मप्र विद्युत वितरण कंपनी ने मौसम बिगड़ने के दौरान उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जोन, कॉल सेंटर के नंबरों पर संपर्क करने का निवेदन किया हैं।





