
Accused of Inciting Religious Sentiments : इंदौर के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पर FIR, धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप!
Indore : भाजपा युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने शहर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष रमीज खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने और धर्मांतरण के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रमीज खान ने सोशल मीडिया पर लोगों को धर्मांतरण के लिए न केवल उकसाया, बल्कि मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए प्रलोभित भी किया।
रमीज खान के इस सोशल मीडिया मैसेज से बहुसंख्यक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। मिश्रा ने यह आरोप भी लगाया कि रमीज खान एक एजेंडे के तहत ये काम कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी भी लव जिहाद फंडिंग मामले में फरार है। भाजपा युवा मोर्चा के ये भी आरोप थे कि कांग्रेस नेता खुलकर राजनीति के आड़ में धर्म परिवर्तन करवा रहे हैं। अपने सोशल मीडिया खाते को इसके लिए वे इस्तेमाल कर रहे हैं।
विवादास्पद वीडियो सामने आया
सौगात मिश्रा ने बताया कि सोमवार को रमीज खान ने अपने वाट्सएप पर 2.26 मिनट का एक स्टेटस अपलोड किया, जिसमें मनुष्य के दो दिलों को पिलर पर खड़ा दिखाया है। एक दिल पूरा काला है, दूसरा साफ और स्वस्थ्य। नीचे संदेश दिया है कि व्यक्ति अपना धर्म छोड़कर इस्लाम स्वीकार करता है, तो उसका दिल पाक साफ हो जाएगा।


इस मामले में पुलिस ने यह कहा
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने इस बारे में बताया कि भाजपा नेता सौगात मिश्रा ने एक एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रमीज खान ने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर ऐसा कंटेंट लगाया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती है। ऐसी स्थिति में उनका मोबाइल भी जब्त किया जाएगा। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।





