समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी: उज्जैन-सीहोर टॉप पर, नर्मदापुरम-रायसेन में सर्वाधिक गेहूं रिजेक्ट

30

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी: उज्जैन-सीहोर टॉप पर, नर्मदापुरम-रायसेन में सर्वाधिक गेहूं रिजेक्ट

भोपाल: मध्यप्रदेश में नौ अप्रैल से शुरु हुई समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं खरीदी में अब नौ दिन शेष रह गए है। खाद्य विभाग ने इस साल के लिए निर्धारित सौ लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 11 लाख 2 हजार 698 किसानों से 74 लाख 76 हजार 209 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी कर ली है। 8 लाख 88 हजार 461 किसानों के बैंक खातों में गेहूं खरीदी के बाद 14 हजार 354 करोड़ रुपए पहुंच चुके है। उज्जैन और सीहोर गेहूं खरीदी में प्रदेश में टॉप पर है वहीं खराब गेहूं लाने वाले किसानों को वापस लौटाने में नर्मदापुरम-रायसेन के उपार्जन केन्द्र सबसे आगे है।

मध्यप्रदेश में किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी करने में उज्जैन जिला टॉप पर है। यहां 85 हजार 984 किसानों से 6 लाख 22 हजार 593 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। किसानों से गेहूं खरीदी मे सीहोर जिला दूसरे स्थान पर है यहां 6 लाख 10 हजार 372 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई है। रायसेन 4 लाख 78 हजार 596 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी के साथ प्रदेश में तीसरे नंबर पर है। विदिशा में 4 लाख 52 हजार 154 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई है वह चौथे स्थान पर है। तीन लाख 32 हजार 933 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी के साथ देवास पांचवे स्थान पर है।

*यहां सबसे कम गेहूं खरीदी-*

मध्यप्रदेश के कुछ जिले ऐसे भी है जहां अब तक समर्थन मूल्य पर सबसे कम गेहूं खरीदी हुई है इनमें बुरहानपुर में 363 मीट्रिक टन, अलीराजपुर में 281 मीट्रिक टन, अनूपपुर में 1180 मीट्रिक टन, पांर्ढुना में 1418 मीट्रिक टन की खरीदी ही हुई है।

*यहां सबसे ज्यादा रिजेक्ट,* किसानों को लौटाया- पूरे प्रदेश में कुल 20 हजा 894 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी केन्द्रों पर पहुंचने के बाद रिजेक्ट किया गया है इनमे रायसेन में 2889 मीट्रिक टन, नर्मदापुरम में 4112 मीट्रिक टन, सिवनी में 2 हजार 127 मीट्रिक टन गेहूं वापस लौटाया गया है।