
Mumbai Rains: मुंबई में बारिश से हाल-बेहाल,चारों तरफ पानी का सैलाब
मुंबई :मुंबई में पिछले कई दिनों से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मुंबई के ज्यादातर इलाकों में जलभराव के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है।महाराष्ट्र के कई जिलों में मंगलवार को तेज बारिश जारी है। पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। अगले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में रेड अलर्ट है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि नांदेड़ में बादल फटने से 8 लोगों की मौत हो गई। सेना रेस्क्यू में जुटी है। करीब 500 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
सड़कों पर कई किलोमीटर का लंबा जाम लगा है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी खम गई है।मीठी नदी का जलस्तर 3.9 मीटर बढ़ने के कारण कुर्ला क्रांति नगर एरिया से 350 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया। शहर में आज भी स्कूल-कॉलेज, गवर्नमेंट और सेमी-गवर्नमेंट ऑफिस बंद हैं। 250 से ज्यादा फ्लाइट देरी से उड़ रही हैं।

कुर्ला से होकर गुजरने वाली मीठी नदी खतरे से निशान से ऊपर बह रही है। नदी के आसपास के इलाकों में रहने वाले 350 लोगों को एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।अंधेरी सब-वे भी पानी भरने से आज भी बंद है। कई अंडर ब्रिज में 4 फीट तक पानी भरा है। लोकल ट्रेन सर्विस भी प्रभावित है। हार्बर लाइन का ट्रैक पानी में डूबा हुआ है

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हालात का जायजा लिया है। बता दें कि मुंबई में पिछले 6 घंटे में 200 एमएम से ज्यादा बरसात हुई है। सरकार ने स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों को बंद करने का आदेश दे दिया है। वहीं, मुंबई पुलिस ने लोगों से घर में रहने की अपील की है। साथ ही प्राइवेट कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की गुजारिश की गई है.
मुंबई के कल्याण के थानकर पाड़ा इलाके में लगातार हो रही बारिश की वजह से एक घर की दीवार ढह गई. कल्याण डोंबिवली नगर निगम के सहायक आयुक्त धनंजय थोरात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. यहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है.
बारिश की वजह से मुंबई और उसके आसपास के इलाकों का बुरा हाल है. रफ्तार पर जैसे ब्रेक लग गए हैं. सड़कों पर जाम लगा हुआ है. वाहन आगे बढ़ ही नहीं पा रहे हैं.





