
Police Recruitment Board: पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयनमैन होंगे स्पेशल DG, सचिव हो सकते हैं IAS अफसर!
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद पुलिस भर्ती बोर्ड के गठन का प्रस्ताव तेजी से तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव को पुलिस मुख्यालय में आला अफसरों की एक अहम बैठक हो चुकी है। इस बैठक में यह तय किया गया है कि बोर्ड के चेयनमैन की जिम्मेदारी स्पेशल डीजी रैंक के अफसर को दी जाए। हालांकि कुछ राज्यों में एडीजी या आईजी रैंक के अफसरों के पास यह जिम्मेदारी है, लेकिन पुलिस मुख्यालय का मानना है कि भर्ती एवं चयन का मामला बहुत ही गंभीर है, इसलिए यहां पर स्पेशल डीजी रैंक के अफसर को चेयरमैन बनाया जाए।
सूत्रों की मानी जाए तो यह लगभग तय हो गया है कि स्पेशल डीजी को चेयरमैन बनाया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के अफसरों के बीच हुई चर्चा में यह भी आया था कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को इसका चेयरमैन बनाया जाए, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी। वहीं भर्ती बोर्ड में गृह विभाग के साथ ही वित्त और विधि विभाग के भी अफसरो को रखे जाने पर भी सहमति बन गई है। इनमें से एक को सदस्य सचिव का दायित्व सौंपा जा सकता है। जबकि बाकी दो अफसरों को सदस्य के रूप में रखा जाएगा। वहीं सचिव के नीचे अवर सचिव का भी पद बनाया जा सकता है। अपर सचिव के बाद उपसचिव का भी पद इसमें हो सकता है। बोर्ड में लिए जाने वाले हर निर्णय से पहले पुलिस महानिदेशक को भी अवगत कराना होगा।
यह बोर्ड, सरकार की घोषणा और इसके बाद पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा से खाली पदों की जानकारी लेने के बाद पुलिस भर्ती की प्रक्रिया शुरु करेगा। हालांकि अभी यह तय नहीं हैं कि पूर्व की तरह पहले फिजिकल टेस्ट होगा या पहले लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह भी जल्द तय कर लिया जाएगा। इसमें आरक्षक के लिए इंटरव्यू नहीं होंगे, जबकि उपनिरीक्षकों की भर्ती में इंटरव्यू भी लिए जाएंगे। चयन शाखा इस प्रस्ताव को बनाने में जुटी हुई है। प्रस्ताव बनने के बाद पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के पास जाएगा। उनकी मंजूरी के बाद यह शासन को भेजा जाएगा। इस बोर्ड को गठन की घोषणा स्वयं मुख्यमंत्री ने की है, इसलिए इस प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री से भी पुलिस अफसरों और गृह विभाग के अफसरों की चर्चा होगी। इसके बाद इसके संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप दिया जाएगा।





