
Sachin Tendulkar: सचिन तेंदुलकर और उनके परिवार की महेश्वर विजिट का राज खुला
खरगोन : क्रिकेट आईकॉन सचिन तेंदुलकर और उनके परिवार का धार्मिक पर्यटन नगरी महेश्वर दौरे का राज खुल गया है। दरअसल वे महेश्वर को निहारने के अलावा अपने ससुर आनंद मेहता का जन्मदिन सेलिब्रेट करने आए थे।
सचिन तेंदुलकर उनकी पत्नी, पुत्री, सास व ससुर मंगलवार को महेश्वर से रवाना हो गए। उन्हें विदा करने सैकड़ो लोग उनके होटल के सामने इकट्ठा हो गए थे।

सचिन और उनकी पत्नी अंजली ने उनकी सुरक्षा में लगे मंडलेश्वर सबडिवीजन के पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को उन्होंने धन्यवाद दिया और अलग से फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने जाने के पूर्व बच्चों के बैट टी-शर्ट और टोपी पर ऑटोग्राफ भी दिए।

अहिल्या फोर्ट हेरीटेज होटल के मैनेजर हुसैन अली ने बताया कि पूरा होटल स्टाफ सचिन तेंदुलकर जैसी सेलेब्रिटी और उनकी फैमिली की सादगी व सौम्यता देखकर अभिभूत हो गया। सचिन ने भी होटल स्टाफ के प्रति सम्मान जताया और सर्विसेज की भूरि भूरि प्रशंसा की।

उन्होंने बताया कि दरअसल सचिन तेंदुलकर महेश्वर के ऐतिहासिक किले, महेश्वरी साड़ी निर्माण और मंदिरों को देखने के अलावा उनके ससुर आनंद मेहता का जन्म दिन मनाने यहां आए थे। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को आनंद मेहता का जन्मदिन बेहद उल्लास के साथ मनाया गया।
उन्होंने बताया कि सचिन तेंदुलकर व उनके परिवार का मेनू होटल डायरेक्टर महाराज रिचर्ड होल्कर ने ही तैयार किया था। उन्होंने मेनू डिस्क्लोज करने से इनकार करते हुए बताया कि सचिन को उनकी पसंदीदा साउथ इंडियन डिशेज परोसी गई। उन्होंने बताया कि सेलिब्रिटीज और होटल के गेस्ट के लिए रिचर्ड होलकर ही मेनू और डिशेज अप्रूव करते हैं।
सचिन तेंदुलकर 31 अगस्त की दोपहर महेश्वर आए थे। उनके साथ उनकी पत्नी अंजलि, पुत्री सारा, सास अन्नाबेल मेहता और ससुर आनंद मेहता थे। इसके अलावा पारिवारिक मित्र और रिश्तेदारों का समूह भी था।
पुलिस व प्रशासन को उनके कार्यक्रमों के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्हें महेश्वर में जहां भी जाना होता वह करीब 1 घंटे पहले पुलिस प्रशासन को उनके कार्यक्रम की जानकारी देते और उसे हिसाब से व्यवस्थाएं जुटायी गई।





