Bihar Elections 2025: सीट बंटवारे पर एनडीए ने मारी बाजी, महागठबंधन में ‘भीतरघात’ की आहट

1086

Bihar Elections 2025: सीट बंटवारे पर एनडीए ने मारी बाजी, महागठबंधन में ‘भीतरघात’ की आहट 

– राजेश जयंत

बिहार की राजनीति एक बार फिर उफान पर है। विधानसभा चुनाव 2025 के आगाज़ से पहले सियासी गलियारों में बैठकों, बयानों और समीकरणों का दौर तेज़ हो गया है। इस बार भी मुकाबला दो बड़े गठबंधनों NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) और महागठबंधन Grand Alliance के बीच सीधा दिख रहा है। लेकिन जहां एनडीए ने सीट बंटवारे का अपना गृहकार्य लगभग पूरा कर लिया है, वहीं विपक्षी महागठबंधन में असहमति, नाराज़गी और संभावित “भीतरघात” के स्वर सुनाई देने लगे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के ताज़ा बयान ने इस सियासी माहौल को और गरमा दिया है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि- “आने वाले दिनों में महागठबंधन में भगदड़ मचना तय है।” ऐसे में बिहार की सियासत में एक बार फिर सत्ता की सियासत को लेकर जबरदस्त हलचल मच गई है।

IMG 20251011 WA0031

**NDA का गणित तय, औपचारिक ऐलान कुछ ही समय में**

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार शाम मीडिया से चर्चा में बताया कि गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर पूर्ण सहमति बन चुकी है। उनके अनुसार, “NDA परिवार में सीटों को लेकर अब कोई मतभेद नहीं है। सभी घटक दल एक स्वर में सहमत हैं। शनिवार शाम तक इसका औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा।” जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि सीट बंटवारे के बाद उम्मीदवारों की सूची चरणबद्ध रूप से जारी की जाएगी। भाजपा नेतृत्व चाहता है कि पहले संगठन के भीतर सभी समीकरणों को अंतिम रूप दिया जाए, उसके बाद ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा उच्च कमान ने गठबंधन धर्म निभाते हुए लोजपा (रामविलास), हम और निषाद पार्टी जैसे सहयोगियों को उचित प्रतिनिधित्व देने पर सहमति जताई है। इससे एनडीए का भीतरू तालमेल पहले की तुलना में कहीं अधिक सशक्त माना जा रहा है।

IMG 20251011 WA0032

**महागठबंधन में ‘सेटिंग’ की सियासत पर उथल-पुथल**

इधर महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर मंथन के बावजूद बात अभी तक अटकी हुई है। RJD, Congress, Left parties और JD(S) जैसे सहयोगियों के बीच सीटों को लेकर खींचतान चरम पर है। भाजपा अध्यक्ष जायसवाल के दावे ने विपक्षी मोर्चे में खलबली मचा दी है- उन्होंने कहा कि “अगले कुछ दिनों में महागठबंधन के कई बड़े चेहरे भाजपा में शामिल होंगे।” राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अगर यह दावा सही साबित होता है, तो महागठबंधन की चुनावी रणनीति को गहरा झटका लग सकता है। पहले से ही कमजोर संगठनात्मक ढांचे और असमंजस में फंसे प्रत्याशियों के बीच यह भगदड़ विपक्ष के लिए बड़ा संकट बन सकती है।

 

**दिल्ली में रणनीति बैठकें, टिकट पर अंतिम मुहर**

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति और रविवार को संसदीय बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। इन्हीं बैठकों के बाद भाजपा और उसके सहयोगी दलों की पहली प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और टिकट की दौड़ में शामिल विधायक फिलहाल दिल्ली में कैंप कर रहे हैं। अंदरखाने की जानकारी के मुताबिक, उम्मीदवारों के चयन में “Winning Possibility” यानी जीत की संभावनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस बार ‘Clean and consistent face’ पर भरोसा दिखा रहा है- ताकि लोकसभा में मिली जीत की लय विधानसभा में भी कायम रखी जा सके।

IMG 20251011 WA0035

**सियासी पटल पर बदलते समीकरण**

बिहार की राजनीति हमेशा से अप्रत्याशित मोड़ों के लिए जानी जाती रही है। जहां एक ओर एनडीए गठबंधन ने सीट बंटवारे का अध्याय लगभग निपटा लिया है, वहीं Grand Alliance का समीकरण अभी धुंध में लिपटा है। विश्लेषक मानते हैं कि अगर भाजपा अपने “घटक तालमेल” को ज़मीनी स्तर तक पहुंचा पाई, तो विपक्ष को संभलने का अवसर भी नहीं मिलेगा। वहीं, महागठबंधन के अंदरूनी असंतोष और टिकट की खींचतान अगर आगे बढ़ी, तो यह “वोट-कटवा” फैक्टर को बढ़ावा दे सकती है- जिसका सीधा लाभ एनडीए को मिलना तय है।

IMG 20251011 WA0034

**चुनावी रणभूमि में एनडीए का शुरुआती बढ़त**

7.42 करोड़ मतदाताओं वाले बिहार में सीटों का यह अंकगणित केवल राजनीति नहीं, सत्ता की दिशा तय करेगा। एनडीए ने फिलहाल संगठनात्मक अनुशासन और रणनीतिक समयबद्धता से बढ़त ले ली है, जबकि विपक्षी खेमे में समझौते से पहले असहमति का माहौल हावी है। आने वाले कुछ दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या एनडीए का गठबंधन तालमेल महागठबंधन की दीवारें हिला देगा, या विपक्ष एक बार फिर नयी रणनीति के साथ मुकाबला करने लौटेगा।

**महत्वपूर्ण चुनावी तिथियां:**

-पहला चरण मतदान: 6 नवंबर 2025 (121 सीटों के लिए)

-दूसरा चरण मतदान: 11 नवंबर 2025 (122 सीटों के लिए)

-मतगणना और परिणाम घोषणा: 14 नवंबर 2025