
पुलिस स्मृति दिवस: फुल ड्रेस-फायनल रिहर्सल हुईं, DGP ने किया परेड का निरीक्षण, हेड कांस्टेबल बने मुख्य अतिथि
भोपाल: पुलिस स्मृति दिवस परेड की फुलड्रेस एवं फायनल रिहर्सल रविवार की सुबह यहाँ लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में की गई। हर साल की तरह पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को प्रात: 9.50 बजे लाल परेड मैदान स्थित नवनिर्मित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित होगा।

पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने फुलड्रेस रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस स्मृति दिवस की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। रविवार को पुलिस स्मृति दिवस के लिए हुई फुलड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक श्री राजमणी सिंह ने निभाई। फायनल अभ्यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एसडीओपी श्री सर्वप्रिय सिन्हा ने किया। परेड के टू-आई-सी राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत पाण्डेय हैं। परेड में जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला प्लाटून, विशेष सशस्त्र बल की पुरूष प्लाटून, जिला पुलिस बल की पुरूष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, रीथ पार्टी, पुलिस बैंड प्लाटून, अश्वरोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल हैं।

फुलड्रेस रिहर्सल के समय अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ श्री चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभय सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री ओ.पी.त्रिपाठी, कमांडेंट सातवीं वाहिनी श्री हितेश चौधरी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा निकाली जा रही देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। आरंभ में पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित किया गया और शहीद स्मारक को सलामी दी गई।

लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 16 हजार फीट की ऊँचाई पर 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के जवानों की टुकड़ी, सब इन्सपेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी तभी चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में 10 जवान शहीद हो गये थे। उन्हीं की स्मृति में यह दिवस देश की समस्त पुलिस इकाईयों द्वारा मनाया जाता है। इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 11 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। शहीद कर्मियों में निरीक्षक स्व. श्री संजय पाठक, निरीक्षक स्व. श्री रमेश कुमार धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक स्व. श्री रामचरण गौतम, सहायक उप निरीक्षक स्व. श्री महेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक स्व. श्री संतोष कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्व.श्री प्रिंस गर्ग, प्रधान आरक्षक स्व. श्री अभिषेक शिंदे, प्रधान आरक्षक स्व.श्री गोविंद पटेल, आरक्षक स्व. श्री अनुज सिंह, आरक्षक स्व. श्री सुंदर सिंह बघेल एवं आरक्षक स्व. श्री अनिल यादव शामिल हैं।





