
Weather Update: MP में आज से बारिश चक्र, दक्षिण भारत फंसा 2 चक्रवातों के जाल में
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में बादलों ने दक्षिण भाग से मध्य भाग तक दस्तक दे दी है। आज उक्त हिस्सों में बादल गहराएंगे और कई जगह बारिश भी होगी। अरब सागर से उठा चक्रवाती बादलों का घेरा पूरे मध्य प्रदेश को अगले 24 घंटे में घेर लेगा। यहां अगले दो से पांच दिन बारिश का चक्र इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, धार, खंडवा, खरगोन, होशंगाबाद, सीहोर, बैतूल, सिवनी, कटनी आदि दूर तक चलेगा। यूं वर्षा की संभावना नवंबर के प्रथम सप्ताह तक बनी रहने की है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में भी चक्रवात सक्रिय है।
भारत के दक्षिणी भाग के दोनों बाजू बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में चक्रवात उथल पुथल मचा रहे हैं। अरब सागर में इन्वेस्ट 92A चक्रवात 35 km प्रति घंटे की रफ्तार में घूम रहा है जिसका प्रभाव मुंबई सहित महाराष्ट्र में, गोवा और कर्नाटक में भी है। इसका घेरा गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तक फैल चुका है।
दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में इन्वेस्ट 94B चक्रवात 45 km की रफ्तार में अंडमान निकोबार द्वीप को घेरे हुए है। बादलों का जोर तमिलनाडु, केरल, आंध्रा, कर्नाटक, तेलंगाना तक है। इसके पीछे कंबोडिया से भी बादलों का रैला बंगाल की खाड़ी की ओर अग्रसर है। इसलिए अगले 10 से 15 दिनों तक भारत के दक्षिण और मध्य राज्यों में बारिश का प्रभाव बना रह सकता है।
दक्षिण महासागर में अन्य दो चक्रवात भी हैं जिनमें इन्वेस्ट 95S और 65 km की गति में चक्रवात “चेंज” है जो कल दक्षिण अफ्रीका के नजदीक जाकर बिखर जाएगा।





