
Weather Update: गहरा कोहरा 6 राज्यों में, 2 दिन बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ का हमला, MP में ग्वालियर सहित पूर्वी हिस्से में बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
बहुत दिनों के बाद घने कोहरे ने आज फिर कई राज्यों को अपने आगोश में समेटा। कोहरे का असर पंजाब से शुरू होकर उत्तर पूर्व राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, यूपी के आधे भाग और मध्य प्रदेश में उत्तरी भाग से लेकर मध्य और पूर्वी भाग तक फैलता रहा है। पश्चिमी हवाओं के जोर से यह पूर्व दिशा की और सक्रिय रहा।
पश्चिमी विक्षोभ का अगला हमला 36 से 48 घंटे के भीतर होगा। जब कई राज्यों में बारिश बर्फबारी होगी। आज जाते हुए बादल लद्दाख के पूर्वी भाग, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी करेंगे। यूपी के अनेक हिस्से भी बारिश (मावठे) से भीगेंगे। बादलों का फैलाव बिहार तक रहेगा।
मध्य प्रदेश में आज वर्षा (मावठे) की संभावना उत्तर से लेकर पूर्व दिशा में रहेगी। शाम तक मौसम खुल सकता है। कल से पश्चिमी दिशा से बादलों का अगला प्रवेश भी होगा। इससे 29 से 1 फरवरी के बीच घने बादल प्रदेश के पश्चिम और मध्य हिस्से में रहेंगे। बारिश की अनायास संभावना भी बन सकती है।
पश्चिमी हवाओं से गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक तक बादल दक्षिण की ओर बहेंगे। आने वाले दिनों में मुंबई का तापमान कम हो सकता है। दक्षिणी राज्यों में हल्के बादल रहेंगे।





