
Weather Update: MP में ठंड की विदाई शुरू, उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी, बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में फरवरी लगते ही गर्मी के संकेत मिल रहे हैं और शीत ऋतु की विदाई का समय शुरू हो गया है। सिर्फ उत्तर पूर्व के हिस्सों में रात से सुबह ठंड का अहसास रहेगा। प्रदेश में बादलों के पश्चिम से पूर्व की ओर जाने का सिलसिला चल रहा है जिससे अगले 3/4 दिनों में कहीं कहीं बारिश हो सकती है।
अगले 7 दिनों में प्रदेश के मुख्य इलाकों में तापमान की स्थिति इस प्रकार रह सकती है – ग्वालियर – न्यूनतम 12/13, अधिकतम 24/25 डिग्री, जबलपुर -न्यूनतम 12 से 15, अधिकतम 28 से 30 डिग्री, भोपाल – न्यूनतम 15/16 अधिकतम 28 से 30 डिग्री और इंदौर – न्यूनतम 17/16, अधिकतम 28/29 डिग्री.
मध्य प्रदेश में अगले 15 दिनों में अधिकतम तापमान 30/32 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं मार्च में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक जाने की संभावना है।
उत्तर भारत बर्फीली हवाओं और बादलों से ठंडा है। आज लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। कश्मीर में भी बारिश हो सकती है।
कश्मीर और लद्दाख में फरवरी से मई तक कई बार बारिश और बर्फबारी होने की संभावना रहेगी। हिमाचल और उत्तराखंड में अप्रैल मई में अच्छी बारिश के आसार रहेंगे। वहीं, दक्षिण भारत में मानसून की स्थिति मई माह से बन सकती है, इसके पहले संभावना नहीं है।





