आसाराम आश्रम के साधकों ने की मारपीट, कई ग्रामीण घायल

87

आसाराम आश्रम के साधकों ने की मारपीट, कई ग्रामीण घायल

भोपाल :  गांधी नगर क्षेत्र में निजी जमीन पर कब्जे को लेकर आसाराम आश्रम के साधकों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। जमीन मालिकाना हक से जुड़ा है। गत दिवस इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आसाराम आश्रम से जुड़े एक दर्जन साधकों पर आरोप है कि उन्होंने जमीन मालिक शैलेष प्रधान और साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घायल शैलेष को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल शैलेष प्रधान के अनुसार उनकी 1.77 एकड़ जमीन गांधी नगर स्थित आसाराम आश्रम के समीप स्थित है। आरोप है कि आश्रम के साधकों ने जमीन तक जाने वाले रास्ते पर कब्जा कर रखा है। गुरुवार को जब वे अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन पर अपने स्वामित्व की बात कही तो राघव, नरेंद्र सिंह, सीताराम गुप्ता सहित करीब एक दर्जन साधकों ने उन्हें जमीन से बाहर जाने को कहा और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमलावर उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए थे। स्वजन ने घायल अवस्था में शैलेष प्रधान को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि इस विवाद को लेकर दो माह पूर्व बैरागढ़ तहसीलदार ने गांधी नगर थाना प्रभारी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया था। कलेक्टर के आदेश पर पहले आश्रम का कब्जा हटवाकर जमीन मालिकों को रास्ता दिलाया गया था, लेकिन तहसीलदार के स्थानांतरण के बाद कथित तौर पर रास्ता दोबारा बंद कर दिया गया।