कार्यभार संभाल परिवहन आयुक्त जोगा ने ली अमले की बैठक, बोले बॉडी वार्न कैमरा लगा करें चेकिंग

39

कार्यभार संभाल परिवहन आयुक्त जोगा ने ली अमले की बैठक, बोले बॉडी वार्न कैमरा लगा करें चेकिंग

भोपाल:  मध्यप्रदेश के नये परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंंने चेकिंग प्रभारियों, प्रर्वतन अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी अफसरों को जांच के दौरान बॉडी वार्न कैमरों का उपयोग अनिवार्य रुप से करने के निर्देश दिए है।

भारतीय पुलिस सेवा के 1997 बैच के आईपीएस उमेश जोगा ने परिवहन विभाग के कैंप आफिस में कार्यभार संभाला। इसके पहले वे एडीजी उज्जैन रेंज में पदस्थ थे। वहां से रिलीव होंने के बाद उन्होंने भोपाल में आकर कार्यभार ग्रहण किया। मोहन सरकार में वे चौथे परिवहन आयुक्त है। उन्होंने पूर्व परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा का स्थान लिया है। उप परिवहन आयुक्त किरण शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और इसके बाद जोगा ने विधिवत कार्यभार संभाला। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने परिवहन आयुक्त कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने सभी प्रवर्तन अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि चेकिंग के दौरान नियम-प्रक्रियाकाओं का पालन किया जाए। बॉडी वार्न कैमरे लगाकर ही जांच की जाए। जांच के दौरान यदि वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाते है और उन पर चालानी कार्यवाही की जाती है तो उन्हें यह बताते हुए संतुष्ट किया जाए कि उनके उपर जो कार्यवाही की जा रही है वह किन नियमों का उल्लंघन करने के लिए की जा रही है। सोमवार से परिवहन आयुक्त विभाग में अलग-अलग काम देखने वाले अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। ब्लैक स्पाट, चेकिंग पाइंट पर जांच, राज्य सरकार द्वारा तय राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने के लिए बिना पंजीयन, बिना परमिट लिए दौड़ रहे वाहनों, ओवर लोड वाहनों, मोडिफाइड वाहनों और हाईसिक्योरिटी नंबर प्लेट, परिवहन विभाग की फेसलेस सुविधाओं, नई सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत चलने वाले अनुबंधित वाहनों, परमिट नियमों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर वे चरणबद्ध बैठकें करने वाले है।