बड़वानी में 40 गन्ना किसानों ने AI आधारित खेती की शुरुआत की 

80

बड़वानी में 40 गन्ना किसानों ने AI आधारित खेती की शुरुआत की 

बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल सब डिवीजन के आधा दर्जन ग्रामों के लगभग 40 गन्ना किसानों को AI आधारित खेती से जोड़ा जा रहा है। यह पहल एक स्थानीय शुगर फैक्ट्री द्वारा की गई है, जिसका उद्देश्य उत्पादन बढ़ाना और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

इस योजना के तहत महाराष्ट्र के बारामती स्थित कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा लगभग चार वर्षों के शोध के बाद विकसित एक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण दिया गया है। शुगर फैक्ट्री के साझेदार सचिन गोयल और पवन गोयल ने बताया कि पानसेमल क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के 40 किसानों का चयन कर उन्हें बारामती केंद्र पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद जनवरी फरवरी और जुलाई 2025 में ड्रिप सिंचाई वाले खेतों में गन्ने की बुवाई कराई गई।

IMG 20260216 WA0014

AI आधारित यह एप खेत की मिट्टी और पानी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच के आधार पर सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशक के उपयोग का प्रबंधन करता है। प्रत्येक खेत के लिए अलग-अलग डाटा के अनुसार प्रोग्रामिंग की जाती है। एप किसानों को खाद, पानी और कीटनाशक के उपयोग के लिए रियल-टाइम अलर्ट भेजता है। साथ ही 24 घंटे, 7 दिन और 15 दिन का मौसम पूर्वानुमान भी उपलब्ध कराता है। यदि बारिश की संभावना हो तो किसानों को सिंचाई या छिड़काव न करने की सलाह दी जाती है, जिससे फसल को अधिक या कम पानी से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

एप संभावित कीट प्रकोप की भी पूर्व जानकारी देता है और बचाव के उपाय सुझाता है। इसके अलावा यह फसल की परिपक्वता अवधि और संभावित उत्पादन का अनुमान लगाकर किसानों को समय पर कटाई की योजना बनाने में मदद करता है।

पानसेमल स्थित इस शुगर फैक्ट्री के केन डेवलपमेंट अधिकारी राजेश वानखेड़े ने बताया कि इस तकनीक से किसानों को उल्लेखनीय लाभ मिला है और एआई आधारित गन्ने की कटाई मार्च से शुरू होने की उम्मीद है।

पानसेमल स्थित शुगर फैक्ट्री की एक यूनिट मध्य प्रदेश के बैतूल में भी है। बैतूल स्थित शुगर मिल के साझेदार विपिन अग्रवाल ने कहा कि एआई आधारित खेती अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन भविष्य में यह किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शुगर मिल एसोसिएशन, जिसमें राज्य की 23 शुगर फैक्ट्रियां शामिल हैं, पुणे के वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट के साथ समझौता कर चुकी है। इस पहल के तहत करीब 5,000 किसानों को उन्नत एआई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैतूल जिले में अब तक 120 किसानों को प्रशिक्षित किया जा चुका है और प्रारंभिक परिणाम उत्साहजनक बताए जा रहे हैं।

इसी तरह बड़वानी में जन्मे एक किसान परिवार के प्रोफेशनल का खेती और AI आधारित एग्रोनॉमी सेवाएं प्रदान करने वाला प्लेटफॉर्म फार्मकार्ट देशभर में 4 लाख से अधिक किसानों को जोड़ चुका है। कंपनी का उद्देश्य वैज्ञानिक खेती की जानकारी को आम किसानों तक पहुंचाकर उन्हें डेटा आधारित निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।

इस पहल की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में भी की थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने 70वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बड़वानी के एग्रीटेक स्टार्टअप फार्मकार्ट की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थापक अतुल पाटीदार ने 4,000 किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा, घर-घर बीज, खाद व उपकरण उपलब्ध कराए और लॉकडाउन में भी ऑनलाइन सेवाएं जारी रखीं।

इस कम्पनी के बड़वानी जिले में जन्मे संस्थापक एवं सीईओ अतुल पाटीदार ने बताया कि मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश कंपनी के प्रमुख कार्यक्षेत्र हैं।

उन्होंने बताया कि फार्मकार्ट का एआई एग्रोनॉमी असिस्टेंट ‘डॉ. रायचंद’ भूमि रिकॉर्ड, फसल इतिहास, मिट्टी और स्थानीय मौसम के आधार पर व्यक्तिगत सलाह देता है। वहीं एआई क्रॉप ट्रैकर बुवाई से कटाई तक निगरानी कर समय पर कीट, रोग और मौसम संबंधी अलर्ट जारी करता है।