
मादल की गूंज, आसमान से आगमन: अमझेरा भगोरिया बनेगा 2 विधानसभा का सियासी और सांस्कृतिक संगम
अमझेरा से गोपाल खंडेलवाल
अमझेरा (धार) दो विधानसभा की सरहद पर बसा अमझेरा गांव अब केवल आदिवासी लोकपर्व भगोरिया के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अनोखे सियासी और सांस्कृतिक संगम के लिए भी पहचान बना चुका है। शुक्रवार को अमझेरा का भगोरिया इस बार इतिहास रचने जा रहा है, जब पहली बार दो विधानसभा क्षेत्रों के विधायक हेलीकॉप्टर से पहुंचकर जनता और मादल दलों का अभिवादन करेंगे।
अमझेरा गांव सरदारपुर और गंधवानी विधानसभा की सीमा पर स्थित है। भगोरिया मेले में नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंगार तथा सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। यह दृश्य भगोरिया के इतिहास में पहली बार देखने को मिलेगा, जिसे लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है।
“दोनों विधानसभा की धड़कन है अमझेरा का भगोरिया बाजार”
अमझेरा प्रशासनिक रूप से सरदारपुर विधानसभा में आता है, लेकिन गंधवानी विधानसभा के दर्जनों गांवों की रोजमर्रा की बाजार, अनाज खरीदी-बिक्री और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र भी यही है। यही कारण है कि अमझेरा का भगोरिया दोनों विधानसभा के लिए साझा पहचान बन चुका है। इस बार नेताओं का हेलीकॉप्टर से आगमन मेले का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया है।
*” अमझेरा पुलिस ने संभाली कमान“*
पुलिस थाने के पीछे मैदान पर गंधवानी और सरदारपुर विधानसभा के मादल दल पारंपरिक वेशभूषा में धमाल मचाएंगे। गत वर्ष 70 से अधिक गांवों के मादल दल शामिल हुए थे, जबकि इस बार रिकॉर्ड संख्या में दल पहुंचने का अनुमान है। सरदारपुर-गंधवानी के साथ-साथ तिरला विकासखंड के वनग्रामों के दल भी शामिल होंगे।अमझेरा पुलिस ने आयोजन को लेकर तैयारी पूर्ण कर ली हे टी आई राजू मकवाना ने बताया हे हेलीपैड के साथ मनावर चौराहा,मेला मैदान, भगोरिया स्थल पर बल तैनात किया गया हे, बाजार में भी बल नजर रखेगा।

“हेलीपैड तैयार, मेला व्यवस्थाएं पूरी”
श्रीकृष्ण-रुक्मिणी हरण स्थल एवं अमका-झमका तीर्थ के समीप लोक निर्माण विभाग द्वारा हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। स्थानीय ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन ने मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
“केंद्रीय राज्य मंत्री के आने की भी संभावना”
अमझेरा भगोरिया में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर के पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा सहित सरदारपुर विधानसभा के कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी मादल दलों का सम्मान करेंगे।
ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि शिवा मकवाना ने बताया कि भगोरिया पर्व को लेकर गांव पूरी तरह तैयार है। मेले में झूले-चक्री, बाजार और पारंपरिक नृत्य-संगीत दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे।





